Ayodhya Ke Ram: अयोध्या का ऐतिहासिक राम मंदिर आज से भक्तों के लिए खुल गया है. सोमवार को पीएम मोदी के हाथों से रामलला के श्रीविग्रह की प्राण प्रतिष्ठा के बाद मंगलवार तड़के राम मंदिर के कपाट भक्तों के लिए खोले गए. राम मंदिर खुलने के समय से पहले ही परिसर के बाहर हजारों की संख्या में श्रद्धालु खड़े रहे. जैसे ही मंदिर प्रबंधन की ओर से कपाट खोले गए, वैसे ही लोगों का रेला उमड़ पड़ा. न्यूज एजेंसी एएनआई की ओर से श्रद्धालुओं की भीड़ के वीडियो जारी किए गए हैं. कड़ाके की ठंड में भी लोगों का उत्साह कम नहीं दिखा.
जानकारी के मुताबिक, राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा और उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की. इस दौरान बॉलीवुड हस्तियों से लेकर देश के दिग्गज कारोबारी मौजूद रहे. बता दें कि अयोध्या राम मंदिर हिंदुओं के लिए सबसे पवित्र तीर्थ स्थलों में से एक के रूप में काफी महत्व रखता है, जो भगवान राम का जन्मस्थान है. इसका प्रबंधन श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र द्वारा किया जा रहा है.
भक्त सुबह (7:00 बजे से 11:30 बजे तक) और दोपहर (2:00 बजे से शाम 7:00 बजे) के दौरान रामलला के दर्शन कर सकते हैं.
'आरती' या 'दर्शन' में हिस्सा लेने के लिए श्रद्धालु ऑफलाइन और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से पास ले सकते हैं.
#WATCH अयोध्या, उत्तर प्रदेश: राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद पहली सुबह रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। pic.twitter.com/lPixhyDg5N
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 23, 2024
नोटः ऑनलाइन बुकिंग फिलहाल होल्ड पर है. आधिकारिक वेबसाइट देखते रहें.
#WATCH अयोध्या, उत्तर प्रदेश: रामलला के दर्शन के लिए काफी की संख्या में श्रद्धालू राम मंदिर के बाहर मौजूद हैं। वीडियो राम मंदिर परिसर के बाहर से थोड़ी देर पहले ली गई है। pic.twitter.com/e64j7IkK6Z
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 23, 2024
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र वेबसाइट के अनुसार, ऑफलाइन पास कैंप कार्यालय जाकर और एक सरकारी आईडी प्रमाण पत्र देकर प्राप्त कर सकते हैं. जो लोग उसी दिन मंदिर के लिए पास बुक करने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए पहले आओ-पहले पाओ सिद्धांत के आधार पर स्लॉट उपलब्ध हैं. आरती से 30 मिनट पहले मंदिर में उपस्थित रहें. आपके पास पर क्यूआर कोड के माध्यम से प्रवेश की सुविधा है.