menu-icon
India Daily

'हाथ जोड़ता हूं, पानी दिला दो...', AK ने किससे की अपील? सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची पानी की लड़ाई

Delhi Water Crisis: दिल्ली में पानी के संकट का मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है. इस बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि यह वक्त राजनीति करने का नहीं, बल्कि मिलकर लोगों तक पानी पहुंचाने की दिशा में काम करने का है.

India Daily Live
'हाथ जोड़ता हूं, पानी दिला दो...', AK ने किससे की अपील? सुप्रीम कोर्ट तक पहुंची पानी की लड़ाई
Courtesy: India Daily Live

दिल्ली के लोग इन दिनों भीषण जल संकट से जूझ रहे हैं. कई इलाकों में पीने के पानी की सप्लाई कम होने की वजह से टैंकरों पर लूट मच गई है. इसी को लेकर दिल्ली की मौजूदा आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार एक्शन मोड में आ गई है. दूसरी तरफ, भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लोग सरकार के खिलाफ प्रदर्शन पर उतर आए हैं. AAP आरोप लगा रही है कि हरियाणा से यमुना में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है जिसके चलते पानी का संकट और गहरा रहा है. अब बीजेपी के प्रदर्शन के बीच सीएम अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट करके कहा है कि वह हाथ जोड़ रहे हैं कि प्रदर्शन न करें और हो सके तो बीजेपी के लोग ही पानी दिलवा दें. दूसरी ओर पानी की यह लड़ाई अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गई है.

दिल्ली में टैंकर से पानी की सप्लाई का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. चाणक्यपुरी के संजय कैंप में पानी लेकर पहुंचे जल बोर्ड के इस टैंकर पर कुछ लड़के चढ़ जाते हैं और टैंकर रुकने से पहले ही ढक्कर खोलकर पाइप डाल देते हैं. इसी वीडियो को बीजेपी ने भी शेयर किया है और लिखा है, 'क्या आपको भी केजरीवाल के लन्दन में पीने का पानी चाहिए? तो अपनी ज़िन्दगी का जोखिम उठाइए और पाइए पीने का पानी.'

केजरीवाल ने बीजेपी से की अपील

अब दिल्ली बीजेपी के नेता केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन पर उतर आए हैं. इसी के बाद अरविंद केजरीवाल ने एक ट्वीट किया है. इस ट्वीट में केजरीवाल ने लिखा है, 'मैं देख रहा हूं कि बीजेपी के साथी हमारे खिलाख धरने-प्रदर्शन कर रहे हैं. इससे समस्या का समाधान नहीं निकलेगा. मेरी सभी से हाथ जोड़कर विनती है कि इस वक्त राजनीति करने की बजाय, आइए मिलकर दिल्ली के लोगों को राहत दिलवायें. अगर बीजेपी हरियाणा और UP की अपनी सरकारों से बात करके एक महीने के लिए दिल्ली को कुछ पानी दिलवा दें तो दिल्ली वाले बीजेपी के इस कदम की खूब सराहना करेंगे. इतनी भीषण गर्मी किसी के हाथ की बात नहीं. लेकिन हम सब मिलकर काम करें तो लोगों को इस से राहत तो दिलवा सकते हैं?'

केजरीवाल ने आगे लिखा, 'इस बार पूरे देश में अभूतपूर्व गर्मी पड़ रही है जिसकी वजह से देश भर में पानी और बिजली का संकट हो गया है. पिछले वर्ष, दिल्ली में बिजली की पीक डिमांड 7438 MW थी. इसके मुकाबले इस साल पीक डिमांड 8302 MW तक पहुंच गई है. इसके बावजूद दिल्ली में बिजली की स्थिति नियंत्रण में है, अन्य राज्यों की तरह पावर कट नहीं लग रहे. इतनी भीषण गर्मी में पानी की डिमांड बहुत बढ़ गई है और जो पानी दिल्ली को पड़ोसी राज्यों से मिलता था, उसमे भी कमी कर दी गई है. यानी डिमांड बहुत बढ़ गई और सप्लाई कम हो गई. हम सबको मिलकर इसका निवारण करना है.'

कोर्ट तक पहुंच गई बात

पानी के संकट के चलते दिल्ली सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की है. इसमें कहा गया है कि दिल्ली में पानी का संकट है, ऐसे में हरियाणा को निर्देश दिए जाएं कि एक महीने के लिए वह अतिरिक्त पानी छोड़े. दिल्ली सरकार का कहना है कि यह हर किसी का कर्तव्य है कि वे दिल्ली की पानी की जरूरतों को पूरा करने के लिए काम करें. दूसरी तरफ, देखा जा रहा है कि दिल्ली के जिन इलाकों में टैंकर से पानी की सप्लाई की जा रही है वहां लोग लंबी-लंबी लाइनें लगा रहे हैं.

दिल्ली सरकार ने पानी के संकट के चलते एक वार रूम भी बनाया है और पानी की सप्लाई जारी रखने की कोशिश की जा रही है. दिल्ली सरकार की ओर से पानी के दुरुपयोग को रोकने के लिए सख्ती भी बढ़ा दी गई है. कहा गया है कि अगर कोई पानी का गलत इस्तेमाल करता हुआ पकड़ा जाता है तो उस पर 2000 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा.