Arvind Kejriwal Weight Lost Claims: आम आदमी पार्टी के चीफ अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को एक बार फिर तिहाड़ जेल में वजन कम होने को लेकर दावा किया. उनके दावे के तुरंत बाद तिहाड़ जेल प्रशासन ने एक डेटा जारी कर पूरी सच्चाई का खुलासा कर दिया. तिहाड़ सूत्र के मुताबिक, अरविंद केजरीवाल 1 अप्रैल से लेकर 9 मई तक तिहाड़ जेल में बंद थे. 1 अप्रैल को 65 किलो वजन था, जबकि 29 अप्रैल को 66 किलो वजन मापा गया और 9 मई को उनका वजन 64 किलोग्राम था.
इससे पहले, खुद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी ने दावा किया था कि दिल्ली के मुख्यमंत्री का वजन 6 किलो तक कम हुआ है. वे वजन उनके तिहाड़ में रहने के दौरान ही कम हुआ है. जेल में रहने के दौरान वजन का काम होना, किसी बड़ी बीमारी का इशारा करता है. इसलिए केजरीवाल की सेहत को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट से राहत की मांग की गई थी. तिहाड़ जेल प्रशासन की ओर से अरविंद केजरीवाल के वजन को लेकर जो डेटा जारी किया गया है, उसकी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल है.
इससे पहले आज केजरीवाल की ओर से एक वीडियो जारी किया गया. वीडियो की शुरुआत में केजरीवाल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने मुझे चुनाव प्रचार करने के लिए 21 दिनों की मोहलत दी थी. कल 21 दिन पूरे हो रहे हैं, परसों मुझे सरेंडर करना है. परसों मैं फिर से तिहाड़ चला जाऊंगा. मुझे नहीं पता, इस बार ये लोग कब तक मुझे जेल में रखेंगे. पर मेरे हौंसले बुलंद हैं. देश को तानाशाही से बचाने के लिए मैं जेल जा रहा हूं. इसका मुझे फक्र है.
केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने मुझे कई तरह से तोड़ने की कोशिश की, झुकाने और चुप करने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए. जब मैं जेल में था, तब इन्होंने मुझे कई तरह से प्रताड़ित किया. इन्होंने मेरी दवाईयां रोक दी. मैं 20 साल से डायबटिज का मरीज हूं. पिछले 10 साल से मुझे रोज इंसुलिन के इंजेक्शन लगते हैं. जेल में इंजेक्शन बंद कर दिए गए. पता नहीं ये क्या चाहते थे, इन्होंने ऐसा क्यों किया?
केजरीवाल ने कहा कि जेल में मैं 50 दिनों तक था. इन 50 दिनों में मेरा वजन 6 किलो तक कम हो गया. जब मैं जेल गया तो मेरा वजन 70 किलो था, आज 64 किलो है. जेल से बाहर आने के बाद भी वजन नहीं बढ़ रहा है. डॉक्टर कह रहे हैं कि ये बड़ी बीमारी का संकेत हो सकता है. परसों मैं दोपहर 3 बजे के बाद सरेंडर करने के लिए घर से निकलूंगा. हो सकता है ये इस बार मुझे और प्रताड़ित करें, लेकिन मैं झूकुंगा नहीं.
मैं बेशक जेल में रहूंगा, लेकिन आपके (जनता) के सारे काम होते रहेंगे. मैं चाहे जहां रहूं, अंदर रहूं या बाहर रहूं, दिल्ली के काम नहीं रूकने दूंगा. जेल से लौटकर हर मां-बहन को 1000 रुपये देने की शुरुआत करुंगा. मैंने हर परिवार का बेटा बनकर अपना फर्ज निभाया है. आज मैं अपने परिवार के लिए आपसे कुछ मांगना चाहता हूं.
केजरीवाल ने कहा कि मेरे माता-पिता बुजुर्ग हैं, जेल में रहने के दौरान उनकी बहुत चिंता रहती है. मेरे जेल में रहने के दौरान आप लोग मेरे माता-पिता का ख्याल रखना. दुआ में बड़ी ताकत होती है, उनके लिए आपलोग दुआ करना. मेरी पत्नी सुनीता काफी मजबूत हैं. उन्होंने हर मुश्किल में मेरा साथ दिया है. आपने मुश्किल वक्त में मेरा साथ दिया है. हम सब तानाशाही से लड़ रहे हैं. देश को बचाने के लिए अगर मुझे कुछ हो जाए, तो आप लोग कोई गम मत करना. आपकी प्रार्थना की वजह से ही मैं जिंदा हूं.