menu-icon
India Daily

'साजिश रचने वाले लाख कोशिश कर लें, ये दोस्ती नहीं टूटेगी', सिसोदिया के बर्थडे पर केजरीवाल का भावुक पोस्ट

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार यानी आज मनीष सिसौदिया को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं. केजरीवाल ने भाजपा के उन आरोपों की निंदा की जिनके कारण शराब नीति मामले में सिसोदिया को जेल हुई थी. बता दें कि सिसोदिया 10 महीने से अधिक समय से जेल में बंद हैं.

Om Pratap
Edited By: Om Pratap
'साजिश रचने वाले लाख कोशिश कर लें, ये दोस्ती नहीं टूटेगी', सिसोदिया के बर्थडे पर केजरीवाल का भावुक पोस्ट

हाइलाइट्स

  • पिछले साल 26 फरवरी को सिसोदिया की हुई थी गिरफ्तारी
  • 17 नवंबर 2021 को लागू हुई नई पॉलिसी, सितंबर 2022 में हुई रद्द

Arvind Kejriwal birthday wishes to Manish Sisodia:  दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने AAP नेता मनीष सिसोदिया के जन्मदिन पर उन्हें बधाई दी है. सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में केजरीवाल ने सिसोदिया और अपनी दोस्ती का जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि हम दोनों के बीच का स्नेह और विश्वास बहुत मजबूत है. भाजपा का बिना नाम लिए केजरीवाल ने ये भी कहा कि साजिशकर्ता चाहे कितनी भी कोशिश कर लें, मेरी और सिसोदिया की दोस्ती कभी नहीं टूटेगी. केजरीवाल ने अपनी और सिसोदिया की एक पुरानी फोटो शेयर की, जिसमें दोनों को एक साथ देखा जा सकता है.

केजरीवाल ने एक्स पोस्ट में लिखा- ये दोस्ती बहुत पुरानी है. हमारा स्नेह और भरोसा बहुत मजबूत है. जनता के लिए काम करने का ये जुनून भी बहुत पुराना है. साजिश रचने वाले लाख कोशिश कर लें.. ये भरोसा, ये स्नेह और ये दोस्ती कभी नहीं टूटेगी. उन्होंने कहा कि बीजेपी ने झूठे केस लगाकर मनीष को पिछले 11 महीने से जेल में रखा हुआ है. लेकिन मनीष इनके ज़ुल्म के आगे डटकर खड़े हैं, इनकी तानाशाही के सामने ना अब तक झुके हैं और ना भविष्य में कभी झुकेंगे. तानाशाही के इस दौर में मनीष का साहस हम सबको प्रेरणा देता है. जन्मदिन मुबारक हो मनीष.

पिछले साल 26 फरवरी को सिसोदिया की हुई थी गिरफ्तारी

दिल्ली एक्साइज पॉलिसी 2020-21 के निर्माण और कार्यान्वयन में भ्रष्टाचार में उनकी कथित भूमिका के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने पिछले साल 26 फरवरी को सिसोदिया को गिरफ्तार किया था. करीब 10 महीने से अधिक समय से सिसोदिया जेल में बंद हैं.

CBI की ओर से गिरफ्तार किए जाने के बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने तिहाड़ जेल में सिसोदिया से पूछताछ की थी. इसके बाद 9 मार्च को सीबीआई की एफआईआर से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सिसोदिया को ED ने गिरफ्तार किया था. गिरफ्तारी के बाद सिसोदिया ने 28 फरवरी को दिल्ली कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था. बता दें कि मनीष सिसोदिया दिल्ली सरकार में डिप्टी सीएम थे. उनके पास एक्साइज डिपार्टमेंट भी था. वे दिल्ली के शिक्षा मंत्री भी थे. 

17 नवंबर 2021 को लागू हुई नई पॉलिसी, सितंबर 2022 में हुई रद्द

दिल्ली सरकार ने 17 नवंबर, 2021 को नई एक्साइज पॉलिसी लागू की थी, लेकिन भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद सितंबर 2022 के अंत में इसे रद्द कर दिया था. जांच एजेंसियों के मुताबिक, नई पॉलिसी के तहत थोक विक्रेताओं का मुनाफा मनमाने ढंग से 5 फीसदी से बढ़ाकर 12 फीसदी कर दिया गया था.

एजेंसियों ने आरोप लगाया है कि नई नीति के बाद गुटबंदी हुई और शराब लाइसेंस के लिए अयोग्य लोगों को लाभ दिया गया. हालांकि, दिल्ली सरकार और सिसोदिया ने किसी भी गलत काम से इनकार किया है और कहा है कि नई नीति से राजस्व में बढ़ोतरी होगी.

सम्बंधित खबर