Indian Student Killed In America: पिछले कुछ समय से विदेशों में भारतीयों की मौत के मामलों में बढ़ोतरी हुई है. नया मामला अमेरिका का है. अमेरिका में आंध्र प्रदेश के एक छात्र की बेरहमी से हत्या कर दी गई. छात्र की लाश जंगलों से बरामद की गई है. मामले की जानकारी के बाद स्थानीय पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है.
मृत छात्र की पहचान गुंटूर जिले के बुर्रिपालेम गांव का रहने वाले अभिजीत के रूप में हुई है. 20 साल का अभिजित अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी का छात्र था. कथित तौर पर, अभिजीत की 11 मार्च को यूनिवर्सिटी में अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी. इसके बाद, उन्होंने शव को एक कार के अंदर रखा और कार को जंगल में छोड़ दिया.
अभिजित के लापता होने से चिंतित उसके दोस्तों ने पुलिस से शिकायत की थी. इसके बाद, अभिजित के मोबाइल सिग्नल को ट्रैक करके पुलिस को उसके शव को बरामद किया. फिलहाल जांच चल रही है और पुलिस अधिकारियों की ओर से हत्या के बारे में सटीक विवरण अभी तक सामने नहीं आया है.
बोस्टन यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग के स्टूडेंट की हत्या के मामले में आशंका जताई जा रही है कि स्कूलमेट्स के साथ झगड़े के बाद उसकी हत्या की गई है. अभिजित, पारुचुरी चक्रधर और श्रीलक्ष्मी की इकलौती संतान थी. अभिजीत की मां ने शुरू में अपने बेटे की उच्च शिक्षा के लिए विदेश जाने की इच्छा से इनकार कर दिया था, लेकिन उसके परिवार के सदस्यों ने कहा कि वह उसके भविष्य को ध्यान में रखते हुए सहमत हो गई.
इंजीनियरिंग की सीट मिलने के बाद अभिजीत बोस्टन यूनिवर्सिटी चला गया था. आशंका है कि हमलावरों ने पैसे और लैपटॉप के लिए अभिजीत की हत्या की होगी. हालांकि, कैंपस में हुई हत्या से कई संदेह पैदा हो गए हैं और हो सकता है कि उसका यूनिवर्सिटी में अन्य छात्रों के साथ कुछ झगड़ा हुआ हो. अमेरिका में सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को गुंटूर जिले के बुर्रिपालेम लाया गया है.