भाजपा जम्मू-कश्मीर के प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) नेतृत्व पर हमला बोलते हुए पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डिक्लेरेशन (PAGD) के अस्तित्व पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने पूछा कि चुनावों के दौरान अधिकारों की बात करने वाला तथाकथित 'गुपकार गैंग' सत्ता में आते ही कहां गायब हो गया.
ठाकुर ने आरोप लगाया कि फारूक अब्दुल्ला और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने PAGD और सहयोगी दलों का इस्तेमाल सिर्फ वोट बटोरने के लिए किया. चुनाव के वक्त एकजुट दिखने वाले नेता और गठबंधन के घटक दल अब राजनीतिक रूप से बिल्कुल अलग-थलग पड़ चुके हैं.
भाजपा नेता ने कहा कि जो नेता गुपकार मंच से केंद्र सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करते थे, वे आज पूरी तरह खामोश हैं. उन्होंने सवाल किया कि सत्ता का रास्ता साफ होते ही नेशनल कॉन्फ्रेंस ने अपने पुराने साथियों को पीछे क्यों छोड़ दिया.
ठाकुर ने उमर अब्दुल्ला सरकार पर विकास और पारदर्शिता के मोर्चे पर विफल रहने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि NC ने जनता से बड़े-बड़े वादे किए थे, लेकिन अब सरकार सिर्फ अपने कामकाज का बचाव करने में जुटी है, जिससे लोगों में असंतोष बढ़ रहा है.
अल्ताफ ठाकुर ने मांग की कि फारूक और उमर अब्दुल्ला को जनता के सामने PAGD की मौजूदा स्थिति साफ करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर यह महज एक चुनावी हथकंडा था, तो नेशनल कॉन्फ्रेंस को इसे खुले तौर पर स्वीकार करना चाहिए.