menu-icon
India Daily

भीषण गर्मी के बीच IMD का बड़ा अलर्ट! 13 राज्यों में 70 किमी घंटे की रफ्तार से तूफान-बारिश, दिल्ली-यूपी में लू का कहर

देश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है, वहीं भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 राज्यों में तूफानी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. उत्तर-पूर्व के राज्यों में 22 से 25 अप्रैल तक तेज बारिश के साथ 50-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

Kuldeep Sharma
Edited By: Kuldeep Sharma
भीषण गर्मी के बीच IMD का बड़ा अलर्ट! 13 राज्यों में 70 किमी घंटे की रफ्तार से तूफान-बारिश, दिल्ली-यूपी में लू का कहर
Courtesy: grok

नई दिल्ली: अप्रैल के आखिरी दिनों में उत्तर भारत झुलसाने वाली गर्मी से परेशान है, लेकिन मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर और कुछ अन्य क्षेत्रों में अचानक बदलाव की चेतावनी दी है. 22 अप्रैल को जारी अलर्ट के मुताबिक असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश समेत सात पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश और तेज आंधी का खतरा मंडरा रहा है. वहीं उत्तर के मैदानी इलाकों में लू का प्रकोप बढ़ गया है. IMD की रिपोर्ट के अनुसार हवा की रफ्तार 70 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली और आसपास के इलाकों में गर्मी अपना रंग दिखा रही है. 22 से 24 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट जारी है. अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है, जबकि न्यूनतम 24 डिग्री के आसपास रहेगा. दोपहर और शाम के समय लू जैसी स्थिति बनी रहेगी. 25 और 26 अप्रैल को तापमान थोड़ा कम होकर 41 डिग्री रह सकता है और आंशिक बादल छा सकते हैं. लोग घर से निकलते समय पानी और छाता साथ रखें. 

यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के ज्यादातर जिलों में झुलसाने वाली धूप और लू का दौर चल रहा है. अगले 24 घंटों में पूरे राज्य में भीषण गर्मी पड़ेगी. लखनऊ में दिन का तापमान करीब 42 डिग्री और रात का 24-27 डिग्री रहने का अनुमान है. हरदोई, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा समेत कई शहरों में तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया जा रहा है. मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.

बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम

बिहार में गर्मी और लू का असर बढ़ता जा रहा है. 22 से 24 अप्रैल तक उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी हिस्सों में तापमान 40-42 डिग्री तक जा सकता है. चंपारण, मुजफ्फरपुर, पटना, गया समेत कई जिलों में लू चलेगी. ज्यादा नमी के कारण फील्स लाइक तापमान और भी ऊंचा महसूस होगा. स्कूलों में कक्षा 5 तक की पढ़ाई सुबह 11:30 बजे तक और कक्षा 8 तक दोपहर 12:30 बजे तक सीमित कर दी गई है.

राजस्थान में आज कैसा रहेगा मौसम

राजस्थान में तेज गर्मी का सिलसिला जारी है. जयपुर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर में तापमान सामान्य से ज्यादा बना हुआ है. 23 अप्रैल से गंगानगर, हनुमानगढ़, झुंझुनू, भरतपुर और धौलपुर में हीट वेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है. अगले दो दिन राज्य का मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. लोग खासकर बुजुर्गों और बच्चों को लू से बचाने के लिए जरूरी सावधानियां बरतें.

राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तराखंड के पहाड़ों में शुष्क मौसम है, जबकि मैदानों में गर्मी बढ़ रही है. हिमाचल में 25-26 अप्रैल को हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है. असम में भारी बारिश और आंधी जारी है, जहां एक युवक की मौत की खबर भी आई है. पंजाब-हरियाणा में तीन दिन लू चलेगी. तमिलनाडु के आंतरिक इलाकों में गर्मी बढ़ेगी, लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ 40 किमी प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं.