नई दिल्ली: देशभर में भीषण गर्मी के बीच अब मानसून का असर दिखने लगा है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदलने लगा है. 24 मई को देश के 19 राज्यों में तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है.
कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि कुछ राज्यों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून ने दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के बड़े हिस्से को कवर कर लिया है.
अगले 3 से 4 दिनों में मानसून के और आगे बढ़ने की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं. इसके चलते केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
दिल्ली-NCR में गर्मी और लू का असर अभी जारी रहेगा. राजधानी दिल्ली में 24 से 26 मई तक लू चलने की संभावना है. मौसम साफ रहने के बावजूद 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. हालांकि 25 मई को गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
उत्तर प्रदेश के मेरठ, शामली, बुलंदशहर और सहारनपुर समेत पश्चिमी यूपी के कई जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, नोएडा, आगरा और वाराणसी में गर्मी के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. 24 से 29 मई तक राज्य में लू का भी असर बना रहेगा.
बिहार में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, पूर्णिया और भागलपुर समेत कई जिलों में आंधी-बारिश और उमस भरे मौसम की संभावना है. 24 मई को तेज आंधी जबकि 25 और 26 मई को भारी बारिश हो सकती है.
पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में भी मौसम विभाग ने बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है. हिमाचल और उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है.
देश के प्रमुख शहरों का तापमान भी लोगों को परेशान कर रहा है. दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री, लखनऊ और जयपुर में 42 डिग्री, पटना में 41 डिग्री और भोपाल में 42 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है. वहीं मुंबई में 33 डिग्री और शिमला में 30 डिग्री तापमान रहने की संभावना है.