menu-icon
India Daily

Aaj Ka Mausam: IMD ने जारी किया देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें कैसा रहेगा मौसम

देश के ज्यादातर हिस्सों में अगले कुछ दिन मौसम खराब रहने वाला है. ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने, मौसम की जानकारी लेते रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की जरूरत है.

Shilpa Shrivastava
Aaj Ka Mausam: IMD ने जारी किया देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पढ़ें कैसा रहेगा मौसम
Courtesy: AI Generated

Weather Update: देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं. खासकर असम में बाढ़ के कारण हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा है. अब भारत मौसम विभाग (IMD) ने एक और बड़ा अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों की चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 8 घंटों के भीतर देश के 22 राज्यों में तेज से बहुत तेज बारिश हो सकती है.

IMD के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर गहरा दबाव बना हुआ है. इसी वजह से देश के पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान देखने को मिल सकते हैं. इस दौरान हवाओं की रफ्तार 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक जा सकती है, जिससे नुकसान की संभावना भी बढ़ जाती है.

फ्लैश फ्लड का खतरा:

मौसम विभाग ने उत्तराखंड, ओडिशा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में अगले 24 घंटों के अंदर अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का खतरा बताया है. प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही मछुआरों को चेतावनी दी गई है कि वे 29 जुलाई की सुबह तक समुद्र में न जाएं, क्योंकि समुद्र में ऊंची लहरें और तेज हवाएं चल सकती हैं.

इन जगहों पर हो सकती है भारी बारिश:

मौसम विभाग के अनुसार, 28 जुलाई से 2 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, गुजरात, महाराष्ट्र और पूर्वोत्तर के राज्यों में अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. कई जगहों पर बिजली गिरने और 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की भी संभावना है.

दिल्ली और यूपी का मौसम:

राजधानी दिल्ली की बात करें तो 28 जुलाई को पूरे दिन बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है. तापमान करीब 34 डिग्री तक रह सकता है. 29 और 30 जुलाई को भी दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.

वहीं, उत्तर प्रदेश में 28 से 31 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. पश्चिमी यूपी में 28-29 जुलाई को बहुत भारी बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में भी कई दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है.

बिहार और झारखंड में कैसा रहेगा मौसम:

बिहार में भी मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है. 28 से 30 जुलाई के बीच कई जगहों पर तेज बारिश होगी और 2 अगस्त तक पूरे राज्य में बारिश जारी रह सकती है. वहीं, झारखंड और जम्मू-कश्मीर में भी तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने का खतरा बताया गया है. 

पहाड़ी इलाकों में कैसा रहेगा मौसम:

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हालात ज्यादा गंभीर हो सकते हैं. यहां भारी बारिश के साथ भूस्खलन और फ्लैश फ्लड का खतरा बना हुआ है. लोगों को खास सतर्क रहने की सलाह दी गई है.