देश में इस समय दो तरह का मौसम देखने को मिल रहा है. कुछ राज्यों में प्रचंड गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है. वहीं कुछ राज्य ऐसे भी हैं, जहां बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं. मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में बारिश के अलर्ट जारी किए गए हैं.
IMD द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की चेतावनी दी गई है. तेज हवाएं इन राज्यों के लोगों की परेशानी बढ़ा सकती हैं. वहीं दिल्ली में लू की चेतावनी दी गई है.
मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक दिल्ली में आज भी लू चलने का अलर्ट है. हालांकि दो दिनों के बाद मौसम थोड़ा ठंडा हो सकता है. वहीं उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम ने अभी पूरी तरह से करवट नहीं ली है, इसलिए कई जिलों में तापमान अभी भी हाई रहने वाला है. वहीं बिहार के कई जिलों में आज तेज रफ्तार से हवाएं चलेंगी. IMD ने पटना, गया, भागलपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में बारिश के भी अलर्ट जारी किए हैं. राजस्थान में अभी भी लू का कहर जारी रहने वाला है. हालांकि यहां भी कुछ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है.
झारखंड की राजधानी रांची, जमशेदपुर, देवघर समेत कई जिलों को गर्मी से राहत मिलने वाली है. कई जिलों में आज से लेकर अगले चार दिनों तक बारिश की चेतावनी दी गई है. उत्तराखंड के हरिद्वार, नैनीताल, पिथौरागढ़ समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है. कुछ जिलों में ओलावृष्टि के भी आसार जताए गए हैं. इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में भी आज बारिश की चेतावनी है. हालांकि ऊंचाई वाले इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है. एक ही राज्य के अलग-अलग जिलों में मौसम का हाल काफी अलग है. ऐसे में लोगों के बीमार पड़ने का खतरा ज्यादा है. मौसम में हो रहे बदलाव के कारण लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है. खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का ख्याल रखने के लिए कहा गया है.