Aaj Ka Mausam: बारिश का प्रकोप! उमस से राहत, लेकिन देश के इन राज्यों में बाढ़ और बिजली गिरने का खतरा, IMD का अलर्ट जारी
आज यानी 26 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. दिल्ली में 30 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. यूपी और बिहार के कई जिलों में मूसलाधार बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है. मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भी तेज बारिश से बाढ़ का खतरा बढ़ गया है.
Weather Update: देशभर में मानसून एक बार फिर पूरी तरह से सक्रिय हो गया है और कई राज्यों में भारी बारिश का कहर देखने को मिल रहा है. भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने 26 अगस्त 2025 को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और मध्य प्रदेश सहित कई हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इस चेतावनी के बाद लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
दिल्ली की बात करें तो राजधानी और आसपास के इलाकों में आज झमाझम बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 26 अगस्त से 30 अगस्त तक दिल्ली और एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी. इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी, लेकिन साथ ही जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या भी बढ़ सकती है.
आज के मौसम का मिजाज
उत्तर प्रदेश में भी आज मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है. मौसम विभाग लखनऊ ने जानकारी दी है कि मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, बरेली, पीलीभीत, सहारनपुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, शाहजहांपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर और श्रावस्ती में भारी बारिश का अलर्ट है. इसके साथ ही आकाशीय बिजली गिरने और वज्रपात की भी चेतावनी दी गई है. ऐसे में लोगों को खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.
प्रशासन ने दिये निर्देश
बिहार में भी बारिश से हालात बिगड़ सकते हैं. मौसम विभाग ने राज्य के पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, गया, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, रोहतास, कैमूर, पूर्णिया, मधेपुरा, किशनगंज और कटिहार में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है. इन जिलों के लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति
मध्य प्रदेश में भी मानसून सक्रिय है और यहां कई जिलों में तेज बारिश का अनुमान है. अशोकनगर, शिवपुरी, अगर मालवा, डिंडोरी, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग का कहना है कि लगातार हो रही बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है.
बाढ़ और बिजली गिरने का खतरा
पूरे देश में बारिश से गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं जलभराव, बाढ़ और बिजली गिरने जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है. मौसम विभाग ने अपील की है कि लोग बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और सुरक्षा नियमों का पालन करें.
और पढ़ें
- 'अपनी दुकानों के बाहर स्वदेशी का बोर्ड लगाएं', 50% टैरिफ बढ़ने के बीच पीएम मोदी ने जनता से किया स्वदेशी का आह्वान
- वंतारा में कहां से आए जानवर, हाथियों की खरीद कैसे हुई? सुप्रीम कोर्ट ने दिए SIT जांच के आदेश
- US Tariff: 'कोई फर्क नहीं पड़ता...', दो दिन बाद लागू होने वाले 50% टैरिफ पर PM मोदी का बड़ा बयान