सड़क पर पान थूकना पड़ा भारी, भारतीय मूल के दो लोगों पर लंदन में लगा इतने लाख का जुर्माना
लंदन में सार्वजनिक स्थान पर पान थूकने पर दो भारतीय मूल के लोगों पर भारी जुर्माना लगाया गया. वहीं नियमों की अनदेखी करने और कोर्ट में पेश न होने पर उनकी सजा बढ़ाकर कोर्ट ने सख्त संदेश दिया.
ब्रिटेन की राजधानी लंदन में सार्वजनिक जगह पर पान थूकने के मामले में दो भारतीय मूल के लोगों पर बड़ी कार्रवाई हुई है. कोर्ट ने दोनों पर 1,391 पाउंड यानी लगभग 1.72 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. शुरुआत में उन पर काफी कम जुर्माना लगाया गया था लेकिन समय पर जुर्माना ना भरने और कोर्ट में पेश न होने पर जुर्माने की रकम बढ़ा दी गई.
यह मामला उत्तर-पश्चिम लंदन के ब्रैंट इलाके का है. अक्षतकुमार भद्रे पटेल (31) और हितेश पटेल (32) नाम के दो व्यक्तियों पर जून 2025 में दो अलग-अलग घटनाओं में मौके पर 100 पाउंड का जुर्माना लगाया गया था लेकिन जब उन्होंने समय पर जुर्मान नहीं भरा तो जुर्माने की रकम काफी अधिक हो गयी.
एक रिपोर्ट के अनुसार अक्षतकुमार ने 11 जून को किंग्सबरी स्टेशन के पास किंग्सबरी रोड पर पान थूका था जबकि हितेश पटेल ने एक दिन बाद नॉर्थ वेम्बली स्टेशन के पास इसी तरह का अपराध किया जिसके बाद दोनों को उनकी अनुपस्थिति में दोषी पाया गया.
पान के दाग साफ करने पर हर साल हजारों का खर्च
स्थानीय प्रशासन का कहना है कि पान के दाग साफ करना आसान नहीं होता. इन्हें हटाने के लिए विशेष मशीनों और अतिरिक्त संसाधनों की जरूरत पड़ती है. हर साल हजारों पाउंड सिर्फ इन दागों को साफ करने में खर्च हो जाते हैं. यही वजह है कि प्रशासन अब इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई कर रहा है, ताकि सार्वजनिक स्थानों की सफाई बनी रहे.
जीरो टॉलरेंस नीति लागू
ब्रेंट काउंसिल ने स्पष्ट कर दिया है कि इस तरह के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जो भी व्यक्ति सार्वजनिक जगहों को गंदा करेगा, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी. इस अभियान के तहत नियमित निगरानी, मौके पर जुर्माना और जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है.
लोगों को जागरूक कर रहा प्रशासन
प्रशासन सिर्फ जुर्माना लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को जागरूक करने की भी कोशिश कर रहा है. खास इलाकों में अभियान चलाकर लोगों को पान और धूम्रपान छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. इसके साथ ही यह संदेश दिया जा रहा है कि नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है, ताकि शहर साफ और सुरक्षित बना रहे.