menu-icon
India Daily

देशभर में मौसम का रेड अलर्ट, 16 राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार! आंधी और वज्रपात की चेतावनी

देश के कई हिस्सों में मानसून ने रौद्र रूप धारण कर लिया है. मौसम विभाग ने 24 जुलाई के लिए उत्तर भारत, पूर्वी भारत और मध्य भारत के 16 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की है. कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी आशंका जताई गई है, जबकि पहाड़ी राज्यों में यात्रा करने वालों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है.

shanu
Edited By: Shanu Sharma
देशभर में मौसम का रेड अलर्ट, 16 राज्यों में मूसलाधार बारिश के आसार! आंधी और वज्रपात की चेतावनी
Courtesy: ANI

देशभर में सक्रिय मानसून के बीच मौसम विभाग ने गुरुवार, 24 जुलाई को कई राज्यों के लिए गंभीर मौसम चेतावनी जारी की है. विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड,जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चलने की संभावना है.

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण-पूर्व राजस्थान और उससे लगे उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है. इसके अलावा मध्य असम और आसपास के क्षेत्रों में भी ऐसा ही तंत्र बना हुआ है. इन मौसमी प्रणालियों के कारण कई राज्यों में लगातार वर्षा और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है.

इन राज्यों में सतर्क रहने की जरूरत

उत्तर प्रदेश में मेरठ, लखनऊ, कानपुर, आगरा, मथुरा, बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बाराबंकी, उन्नाव और कई अन्य जिलों में भारी बारिश तथा तेज आंधी की चेतावनी जारी की गई है. यहां 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया, कटिहार, भागलपुर, किशनगंज और अन्य जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अनुमान है. झारखंड, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश के कई जिलों में भी भारी बारिश, तेज हवा और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है. वहीं पंजाब और राजस्थान के कई हिस्सों में भी तेज बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है.

पहाड़ी राज्यों में यात्रा से पहले जानकारी जरूरी

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी जारी की गई है. उत्तराखंड में देहरादून, नैनीताल, चमोली और रुद्रप्रयाग, जबकि हिमाचल में मंडी, कुल्लू, शिमला और कांगड़ा प्रभावित रह सकते हैं. लगातार वर्षा के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने की आशंका को देखते हुए यात्रियों को यात्रा से पहले मौसम की ताजा जानकारी लेने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने की आशंका के समय खुले मैदानों में न जाने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है. किसानों, यात्रियों और पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है.