नई दिल्ली: भारतीय मौसम विभाग ने बारिश अलर्ट जारी करते हुए उत्तर प्रदेश, दिल्ली समेत 17 राज्यों में तूफानी आंधी और बारिश की चेतावनी दी है. पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण अगले 5 से 6 घंटों में 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. यात्रा की योजना बनाने से पहले मौसम अपडेट जरूर देखें.
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार इस समय दक्षिण पश्चिम मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और साथ ही उत्तर पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो गया है. इन दोनों मौसम प्रणालियों के एक साथ सक्रिय होने के कारण देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम तेजी से बदलेगा. जहां मानसून अभी नहीं पहुंचा वहां भी पश्चिमी विक्षोभ के कारण भारी बारिश और आंधी की स्थिति बनेगी.
भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद में बैठे लोगों के लिए अच्छी खबर है. मौसम विभाग के अनुसार 11 से 13 जून के बीच उत्तर भारत में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है. दिल्ली में 12 जून को अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस तक गिरने के आसार हैं. दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद, फरीदाबाद समेत पूरे दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में धूलभरी आंधी, गरज चमक और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना. हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. यूपी के लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, आगरा, नोएडा, उन्नाव, फतेहपुर, मैनपुरी, इटावा, चित्रकूट में धूलभरी आंधी बारिश का अलर्ट. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं, ओलावृष्टि की भी संभावना.
बिहार के मुजफ्फरपुर, वैशाली, सीतामढ़ी, दरभंगा, समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा में बारिश की संभावना. कई जिलों में भारी बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की हवाएं. पंजाब के अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, जालंधर, बठिंडा में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा. आंधी बारिश के साथ ओलावृष्टि हो सकती है. झारखंड के रांची, जमशेदपुर, धनबाद, बोकारो, दुमका समेत कई जिलों में आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. राजस्थान के जयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा, उदयपुर, श्रीगंगानगर समेत पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में धूलभरी आंधी, बारिश और तेज हवाओं की संभावना. लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है.