पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में बुधवार को हुई एक तलाशी कार्रवाई के दौरान एक पूर्व सरकारी बस चालक के घर से 5 करोड़ कैश और 15 किलोग्राम सोना बरामद होने का मामला सामने आया है. बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस अधिकारियों ने पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर तलाशी अभियान जारी रखा और बरामद नकदी की गिनती शुरू कराई.
जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपी की पहचान मीनार मंडल के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पत्थर के कारोबार से जुड़े हुए हैं. बताया जा रहा है कि वह स्थानीय कारोबारी तुलु मंडल के रिश्तेदार भी हैं. पुलिस के मुताबिक, मीनार मंडल पहले सरकारी बस चालक के रूप में कार्यरत थे, लेकिन कुछ वर्ष पहले नौकरी छोड़कर अपने रिश्तेदार के साथ पत्थर के व्यापार में सक्रिय हो गए थे.
#Watch| 15 kg of gold and ₹5 crore in cash recovered so far from the resident of Tulu Mondal’s relative in Birbhum.. The search operation is still underway, and the recovery is likely to increase as the raid continues. https://t.co/7ei66zIHrM pic.twitter.com/9rOoLM1gXx
— Piyali Mitra (@Plchakraborty) July 29, 2026
तलाशी के दौरान इतनी अधिक नकदी मिली कि उसकी गिनती के लिए कई नोट गिनने की मशीनें और बड़े ट्रंक मौके पर मंगवाने पड़े. पुलिस सूत्रों का कहना है कि नोटों की गिनती देर शाम तक जारी रही.
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकदी और सोना कहां से आया और क्या इसका संबंध किसी अवैध वित्तीय गतिविधि से है. जांच के तहत कारोबारी के वित्तीय लेन-देन, आय के स्रोत और संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की पड़ताल के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
कार्रवाई के दौरान घर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. मौके से सामने आए वीडियो और तस्वीरों में अधिकारियों को लगातार तलाशी लेते और बरामद सामान को सुरक्षित करते देखा गया. फिलहाल पुलिस ने बरामदगी की अंतिम राशि या सोने की सटीक मात्रा का खुलासा नहीं किया है. जांच पूरी होने के बाद विस्तृत जानकारी साझा किए जाने की संभावना है.