सिक्किम के नामची जिले में सोमवार को बड़ा हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन सुरंग के बाहर अचानक भूस्खलन हो गया. नामची जिले में तीस्ता स्टेज-VI हाइड्रोइलेक्ट्रिक पावर प्रोजेक्ट के तहत बन रही समरढुंग सुरंग के बाहर दोपहर में अचानक भूस्खलन हो गया. भारी मात्रा में मलबा गिरने से सुरंग का प्रवेश मार्ग पूरी तरह बंद हो गया. शुरुआती जानकारी के अनुसार करीब 27 मजदूर अंदर फंस गए हैं. जिला प्रशासन ने बताया कि फंसे हुए लोगों की सही संख्या की पुष्टि की जा रही है. जानकारी के मुताबिक सुरंग के भीतर पटेल इंजीनियरिंग और एनएचपीसी के कर्मचारी काम कर रहे थे. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया और मजदूरों के परिवारों से भी संपर्क शुरू कर दिया.
राहत कार्य के दौरान सबसे बड़ी चुनौती सुरंग के अंदर मीथेन गैस का रिसाव बन गया है. अधिकारियों के अनुसार गैस की वजह से बचाव दल को अंदर जाने में परेशानी हो रही है. कुछ बचावकर्मियों ने चक्कर आने और सांस लेने में दिक्कत की शिकायत भी की. इसी कारण बचाव अभियान बेहद सावधानी के साथ चलाया जा रहा है. जिला प्रशासन लगातार गैस के स्तर की निगरानी कर रहा है. विशेषज्ञ टीम भी मौके पर मौजूद है और सुरक्षित तरीके से मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि सभी जरूरी सुरक्षा उपाय अपनाए जा रहे हैं.
घटना की जानकारी मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस, फायर एंड इमरजेंसी सर्विस और अन्य एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं. पश्चिम बंगाल से विशेष प्रशिक्षित बचाव दल भी गैस सुरक्षा उपकरणों के साथ बुलाया गया है. बचावकर्मी गैस मास्क, ऑक्सीजन सिलेंडर और आधुनिक उपकरणों की मदद से सुरंग के अंदर जाने की कोशिश कर रहे हैं. मौके पर एंबुलेंस भी तैयार रखी गई हैं ताकि बाहर निकाले जाने वाले मजदूरों को तुरंत इलाज मिल सके. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सभी फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है.