एक्ट्रेस जरीन खान ने बॉलीवुड में अपने करियर की शुरुआत सलमान खान की फिल्म वीर से की थी. उस समय उन्हें इंडस्ट्री की नई बड़ी स्टार माना जा रहा था. उनकी खूबसूरती और स्क्रीन प्रेजेंस को काफी ज्यादा सहारा गया था. कई लोगों ने उनकी तुलना कैटरीना कैफ से भी की. हालांकि शानदार शुरुआत के बावजूद उनका करियर ज्यादा लंबा नहीं चल पाया. वीर के बाद जरीन कई फिल्मों में नजर आईं, लेकिन उन्हें वह सफलता नहीं मिली जो एक हिट एक्ट्रेस को मिलती है.
अपने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में जरीन खान ने अपने करियर के मुश्किल दौर पर खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि हेट स्टोरी 3 जैसी फिल्मों में काम करने के बाद इंडस्ट्री में कई लोगों का नजरिया उनके प्रति बदल गया था. एक्ट्रेस के मुताबिक कुछ लोगों ने यहां तक कहना शुरू कर दिया कि वह एक्टिंग नहीं कर सकतीं इसलिए बोल्ड सीन का सहारा ले रही हैं. जरीन ने कहा कि इस तरह की बातें सुनना उनके लिए काफी मुश्किल था.
जरीन खान ने अपनी 2017 की फिल्म अक्सर 2 को लेकर भी कई खुलासे किए. उन्होंने कहा कि फिल्म साइन करते समय डायरेक्टर ने उन्हें कहानी अलग तरीके से सुनाई थी. उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि फिल्म में जरूरत से ज्यादा बोल्ड कंटेंट नहीं होगा. लेकिन एक्ट्रेस का दावा है कि शूटिंग शुरू होने के बाद हालात पूरी तरह बदल गए. कई सीन अचानक बदले गए और किस सीन या बोल्ड कॉस्ट्यूम की मांग की जाने लगी.
जरीन खान ने कहा कि उन्हें बोल्ड सीन करने से कोई परेशानी नहीं थी, लेकिन समस्या तब हुई जब फिल्म की कहानी और उनका किरदार बदल दिया गया. उनके मुताबिक जिस स्क्रिप्ट के लिए उन्होंने हामी भरी थी, शूटिंग के दौरान फिल्म उससे काफी अलग हो चुकी थी. उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म के सेट पर कई बार टीम के बीच विवाद जैसी स्थिति बन गई थी. एक्ट्रेस ने कहा कि हालात खराब होने के बावजूद उन्होंने फिल्म बीच में नहीं छोड़ी. इसकी वजह यह थी कि वह नहीं चाहती थीं कि प्रोड्यूसर्स का पैसा डूब जाए. उन्होंने पूरी प्रोफेशनल जिम्मेदारी के साथ शूटिंग पूरी की, लेकिन फिल्म खत्म होते होते रिश्ते इतने खराब हो गए कि उन्हें अपनी ही फिल्म की स्क्रीनिंग में नहीं बुलाया गया.