Who is Anika Jamal: पाकिस्तान की खूबसूरत लड़की अनिका मेराज या अनिका जमाल इकबाल ने देश के इतिहास में नया कीर्तिमान रच दिया है. 24 साल की इस होनहार लड़की को हाल ही में लाहौर में 'मिस वर्ल्ड पाकिस्तान 2026' का ताज पहनाया गया. अब वो वियतनाम में होने वाली मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेगी. ये पाकिस्तान के 73 साल के इतिहास में पहली बार है जब कोई लड़की आधिकारिक रूप से मिस वर्ल्ड में हिस्सा ले रही है.
अनिका का सफर आसान नहीं रहा. पाकिस्तान जैसे देश में जहां फैशन और ब्यूटी पेजेंट को अक्सर कट्टरपंथी गुटों का विरोध झेलना पड़ता है, वहां अनिका ने हिम्मत दिखाई. लाहौर के फलेत्ती होटल में हुई सेरेमनी में उन्हें डॉ. शफाक अख्तर (मिस पाकिस्तान यूनिवर्सल 2022) और मिस्टर पाकिस्तान वर्ल्ड अत्ताउल्लाह गुज्जर ने ताज पहनाया. ये मौका पाकिस्तान के लिए बेहद खास है क्योंकि मिस वर्ल्ड का 75वां एनिवर्सरी एडिशन वियतनाम में हो रहा है.
अनिका पहले भी कई बड़ी प्रतियोगिताओं में पाकिस्तान का नाम रोशन कर चुकी हैं. उन्होंने मिस अर्थ, मिस ग्लोबल, मिस कॉस्मो, मिस इको इंटरनेशनल और मिस ऑरा इंटरनेशनल जैसी प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया है. कोसोवो में 'मिस फ्रीडम ऑफ द वर्ल्ड' में उन्होंने चार खिताब जीते थे, जिसमें मिस फोटोजेनिक और मिस प्रेस जैसे अवॉर्ड शामिल हैं. ये उपलब्धि पाकिस्तानी लड़कियों के लिए प्रेरणा बन गई.
अनिका सिर्फ सुंदर चेहरे वाली लड़की नहीं हैं. वे बिजनेस और इकोनॉमिक्स में ग्रेजुएट हैं और फिलहाल अकाउंटिंग व ऑडिटिंग में मास्टर्स कर रही हैं. उनका सपना है कि वे स्टेट अथॉराइज्ड पब्लिक अकाउंटेंट बनें. साथ ही वे बच्चों के अधिकारों, लड़कियों की शिक्षा और सामाजिक मुद्दों पर काम करना चाहती हैं. मिस वर्ल्ड के मंच का इस्तेमाल वे थैलेसीमिया जैसी बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए जागरूकता फैलाने के लिए करेंगी. थैलेसीमिया पाकिस्तान में एक बड़ी समस्या है और अनिका इसका समर्थन बढ़ाना चाहती हैं.