Anees Bazmee To Direct Bhool Bhulaiyaa 4: बॉलीवुड के सबसे पॉपुलर हॉरर-कॉमेडी फ्रैंचाइजी भूल भुलैया का चौथा भाग अब जल्द ही बनने वाला है. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक पार्ट 2 और 3 के डायरेक्टर अनीस बज्मी इस बार भी फिल्म को डायरेक्ट करने के लिए तैयार हैं. फिल्म में कार्तिक आर्यन एक बार फिर 'रूह बाबा' के रोल में नजर आएंगे.
सूत्रों के हवाले से मिली खबर के अनुसार अनीस बज्मी और फिल्म के प्रोड्यूसर भूषण कुमार के बीच बातचीत चल रही है. मुख्य रूप से पारिश्रमिक को लेकर चर्चा हो रही है. हालांकि अभी तक न तो डायरेक्टर और न ही प्रोड्यूसर्स की तरफ से कोई आधिकारिक ऐलान किया गया है. फिर भी सूत्र बता रहे हैं कि अनीस बज्मी ही इस प्रोजेक्ट के डायरेक्टर होंगे.
भूषण कुमार इस फ्रैंचाइजी को भारत की सबसे बड़ी फिल्म सीरीज बनाने का सपना देख रहे हैं. इसलिए वे पहले से ही भूल भुलैया 4 की बुनियादी कहानी पर काम शुरू कर चुके हैं. खास बात यह है कि कार्तिक आर्यन भी फिल्म की क्रिएटिव प्रोसेस में पूरी तरह शामिल हैं. रूह बाबा का किरदार दोबारा निभाने के लिए अभिनेता बेहद उत्साहित दिख रहे हैं.
भूल भुलैया फ्रैंचाइजी की शुरुआत साल 2007 में हुई थी. प्रियदर्शन द्वारा निर्देशित पहली फिल्म में अक्षय कुमार और विद्या बालन मुख्य भूमिका में थे. मलयालम फिल्म 'मणिचित्रथाजु' पर आधारित यह साइकोलॉजिकल हॉरर-कॉमेडी दर्शकों को खूब पसंद आई और बॉक्स ऑफिस पर हिट रही.
15 साल बाद 2022 में आई भूल भुलैया 2 ने फ्रैंचाइजी को नई ऊंचाई दी. अनीस बज़्मी के डायरेक्शन में कार्तिक आर्यन, कियारा आडवाणी और तब्बू की फिल्म ने दर्शकों का दिल जीत लिया. इस बार कहानी को शुद्ध हॉरर-कॉमेडी स्टाइल में पेश किया गया, जो युवा दर्शकों को खासतौर पर भाया.
2024 में रिलीज हुई भूल भुलैया 3 ने तो रिकॉर्ड तोड़ दिए. कार्तिक आर्यन के साथ तृप्ति डिमरी और 'ओरिजिनल मंजुलिका' विद्या बालन की वापसी ने फिल्म को ब्लॉकबस्टर बना दिया. अनीस बज़्मी की कमर्शियल स्टाइल, मजेदार डायलॉग्स और डरावने-मजेदार सीनों का कॉम्बिनेशन एक बार फिर कामयाब रहा.
फैंस को उम्मीद है कि भूल भुलैया 4 में रूह बाबा की कहानी और भी मजेदार और रोमांचक मोड़ लेगी. कार्तिक आर्यन इस रोल में पूरी तरह फिट बैठते हैं और उनकी कॉमिक टाइमिंग दर्शकों को हर बार हंसाती है. अनीस बज़्मी के डायरेक्शन में फिल्म का एंटरटेनमेंट लेवल हमेशा हाई रहता है.अभी यह तय नहीं है कि फिल्म में कौन-कौन से नए कलाकार जुड़ेंगे, लेकिन पुरानी टीम के साथ नई कहानी और ट्विस्ट्स की उम्मीद की जा रही है.