तमिल फिल्म इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है. जाने माने फिल्ममेकर और संगीतकार ठक्कली श्रीनिवासन का बेंगलुरु में निधन हो गया है. लंबे समय से बीमार चल रहे श्रीनिवासन ने मंगलवार 10 मार्च को अंतिम सांस ली है. उनके निधन की खबर सामने आते ही साउथ फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई. इंडस्ट्री से जुड़े कई कलाकारों और फिल्ममेकरों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया.
ठक्कली श्रीनिवासन उन कलाकारों में से थे जिन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के कई अलग अलग क्षेत्रों में काम किया. उन्होंने निर्देशन, अभिनय और संगीत तीनों क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा दिखाई. सिनेमा के प्रति उनका समर्पण और बहुमुखी प्रतिभा उन्हें इंडस्ट्री में एक खास पहचान दिलाती थी. उनके साथ काम करने वाले लोग उन्हें सिर्फ एक अच्छे फिल्ममेकर ही नहीं बल्कि एक बेहद संवेदनशील इंसान के तौर पर भी याद करते हैं.
अपने करियर में श्रीनिवासन ने कई फिल्मों में बतौर प्रोड्यूसर काम किया. इनमें इवरस वरुणगलथूंगल, मनसुक्कल मथप्पू, नालाई मनिथन और अधिसया मनिथन जैसी फिल्में शामिल हैं. एक निर्देशक के रूप में भी उन्होंने कई यादगार फिल्में दीं. जेनमा नटचतिरम, विटनेस, अशोकवनम और अदुथुट्टू जैसी फिल्मों का निर्देशन उन्होंने किया था. इन फिल्मों को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सराहना मिली थी.
फिल्ममेकिंग के अलावा ठक्कली श्रीनिवासन संगीत के क्षेत्र में भी सक्रिय रहे. उन्होंने कई फिल्मों के लिए संगीत भी तैयार किया. नालाई मनिथन, वलाथु काली वाथी वा, विटनेस और पुडिया गोली जैसी फिल्मों में उनके संगीत को दर्शकों ने पसंद किया. उनकी रचनात्मकता सिर्फ निर्देशन तक सीमित नहीं थी बल्कि संगीत में भी उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई.
कैमरे के पीछे काम करने के साथ साथ श्रीनिवासन कई फिल्मों में एक्टर के रूप में भी नजर आए. उन्होंने सोरासम्हारम, सिरायिल सिला रागंगल, जेनमा नटचतिरम और नालाई मनिथन जैसी फिल्मों में अभिनय किया. उनके अभिनय को भी दर्शकों ने काफी सराहा था.