कौन है वड़ा पाव गर्ल के साथ दिखने वाला मिस्ट्री मैन? पति युगम गेरा ने सच जानते ही हाथ जोड़कर मांगी माफी

वड़ा पाव गर्ल के नाम से मशहूर चंद्रिका दीक्षित ने आखिरकार मिस्ट्री मैन की पहचान उजागर कर दी है. वहीं उनके पति युगम गेरा ने पॉडकास्ट में रोते हुए माफी मांगी और रिश्ते को सुधारने की बात कही. वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Instagram
Babli Rautela

मुंबई: सोशल मीडिया पर चर्चा में रहने वाली वड़ा पाव गर्ल के नाम से मशहूर चंद्रिका दीक्षित ने आखिरकार उस मिस्ट्री मैन की पहचान उजागर कर दी है, जिसे लेकर लंबे समय से कयास लगाए जा रहे थे. हाल ही में शेयर किए गए एक वीडियो में उन्होंने खुद इस राज से पर्दा उठाया. वीडियो में चंद्रिका मुस्लिम पहनावे में नजर आती हैं और शुरुआत अस्सलाम वालेकुम से करती हैं. वहीं उनके साथ मौजूद मिस्ट्री मैन माथे पर तिलक लगाए हिंदू लुक में दिखते हैं और जय श्री राम कहते हैं. दिलचस्प बात यह रही कि दोनों एक दूसरे के धार्मिक अभिवादन को दोहराते भी नजर आए.

चंद्रिका ने साफ किया कि लोग उन्हें चंद्रिका बानू समझ रहे थे, जबकि उनका नाम चंद्रिका दीक्षित ही है. उन्होंने बताया कि जिस शख्स को अब तक मिस्ट्री मैन कहा जा रहा था, उसका नाम सैफी है. वीडियो के जरिए दोनों ने यह संदेश देने की कोशिश की कि इंसानियत सबसे बड़ा धर्म है और रिश्तों को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए. पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने नाम का खुलासा लिखा और फैंस से अपील की कि रिश्ते को गलत नाम न दें. वीडियो पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं. कुछ फैंस ने मुबारक हो और खुश रहो जैसे कमेंट किए, तो कुछ ने तंज भी कसा.

पति युगम गेरा ने मांगी माफी

इस पूरे विवाद के बीच चंद्रिका के पति युगम गेरा ने भी चुप्पी तोड़ी. उन्होंने The Manas Show में इस मुद्दे पर खुलकर बात की. पॉडकास्ट के दौरान युगम भावुक नजर आए और कैमरे पर ही चंद्रिका से माफी मांगी.

युगम ने स्वीकार किया कि दोनों इस समय अलग रह रहे हैं. उन्होंने कहा कि फेम मिलने के बाद उन्हें लगा कि शायद चंद्रिका उन्हें छोड़ने का सोच रही होंगी, लेकिन अब वह रिश्ते को सुधारना चाहते हैं. रोते हुए उन्होंने कहा कि अगर चंद्रिका यह देख रही है तो प्लीज मुझे माफ कर दे. उन्होंने अपनी गलतियां मानीं और दोबारा साथ आने की इच्छा जताई.

सोशल मीडिया पर बढ़ी हलचल

वीडियो और पॉडकास्ट क्लिप्स वायरल होते ही सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई. कुछ लोग इसे निजी मामला बता रहे हैं, तो कुछ इसे पब्लिसिटी स्टंट कह रहे हैं. फिलहाल चंद्रिका और युगम के रिश्ते का भविष्य क्या होगा, यह तो आने वाला समय ही बताएगा. लेकिन मिस्ट्री मैन का नाम सामने आने और पति की सार्वजनिक माफी ने इस कहानी को नया मोड़ जरूर दे दिया है.