Upasana Singh Defends Shilpa Shinde: टीवी इंडस्ट्री में चर्चा का विषय बनी शिल्पा शिंदे की पुरानी विवादित घटना के बाद अब उनकी सहेली और अभिनेत्री उपासना सिंह ने उनका खुलकर समर्थन किया है. शिल्पा शिंदे ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में कबूल किया था कि उन्होंने करीब 9 साल पहले 'भाभीजी घर पर हैं' के प्रोड्यूसर संजय कोहली पर लगाए यौन उत्पीड़न के आरोप झूठे थे. इस बात पर कई लोगों ने उनकी आलोचना की, लेकिन उपासना सिंह ने कहा कि पूरी बात को सिर्फ एक तरफ से नहीं देखना चाहिए.
उपासना सिंह ने इंटरव्यू में बताया कि वे शिल्पा को अच्छी तरह जानती हैं. दोनों तीन अलग-अलग शोज पर साथ काम कर चुकी हैं. उपासना ने कहा- 'हर इंसान एक समान नहीं होता. शिल्पा ने गलती की, उसे महसूस किया और माफी भी मांग ली. अगर उनके दिल पर बोझ न होता तो वो यह बात खुद नहीं बतातीं.'
उपासना सिंह ने शिल्पा की उस साइड के बारे में भी बात की जिसकी अक्सर कोई चर्चा नहीं करता. उन्होंने कहा- 'शिल्पा शिंदे एक wonderful woman हैं. सेट पर अगर कोई स्पॉटबॉय, लाइटमैन, मेकअपमैन या जूनियर आर्टिस्ट मुश्किल में होता था तो शिल्पा उनके लिए आवाज उठाती थीं. जो भी उनके पास जाता और कहता कि उसके पास खाने के लिए पैसे नहीं हैं, शिल्पा मदद करती थीं. उन्होंने बहुत से लोगों की मदद की है. वो दिल की बहुत अच्छी हैं.'
उपासना ने यह भी कहा कि उस समय की परिस्थितियों को भी समझने की जरूरत है. हर घटना को सिर्फ एक नजरिए से नहीं देखना चाहिए. उन्होंने साफ किया कि गलती को सही नहीं ठहराया जा सकता, लेकिन जो व्यक्ति अपनी गलती मान ले और माफी मांगे, उसे भी मौका मिलना चाहिए.
शिल्पा शिंदे के इस खुलासे के बाद FWICE और AICWA जैसी संगठनों ने भी नाराजगी जताई थी. कई टीवी एक्टर्स ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी. लेकिन उपासना सिंह का बयान इस पूरे मामले में एक अलग नजरिया लेकर आया है. शिल्पा शिंदे 'भाभीजी घर पर हैं' में अंगूरी भाभी का रोल प्ले करके मशहूर हुई थीं. उन्होंने कई रियलिटी शोज भी किए हैं.