साउथ फिल्म इंडस्ट्री की जानी मानी एक्ट्रेस तृषा कृष्णन इन दिनों लगातार सुर्खियों में बनी हुई हैं. उनकी हालिया फिल् करुप्पु बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है. इसी बीच तृषा ने सोशल मीडिया पर एक ऐसी पोस्ट शेयर की जिसने फैंस के बीच नई चर्चाएं शुरू कर दी हैं. तृषा ने इंस्टाग्राम पर फिल्म करुप्पु की शूटिंग के दौरान की कई बिहाइंड द सीन तस्वीरें साझा कीं. इन तस्वीरों में वह एक्टर सूर्या के साथ नजर आ रही हैं. लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान उनके कैप्शन ने खींचा है.
तृषा कृष्णन ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा कि उनका मई महीना जादुई रहा और जीत के लिए एक और मौका मिला. उन्होंने इसे भगवान की कृपा बताया. उनका यह छोटा सा संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. कई फैंस ने इसे रहस्यमयी बताया और अलग अलग मतलब निकालने लगे. एक यूजर ने लिखा कि जब तक कैप्शन नहीं पढ़ा था तब तक सब सामान्य लग रहा था. वहीं दूसरे फैन ने लिखा कि तृषा के साथ हमेशा भगवान की कृपा रहती है. कुछ यूजर्स ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें पता है तृषा आखिर क्या कहना चाह रही हैं लेकिन वह इसे साबित नहीं कर सकते.
करुप्पु 15 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और रिलीज के बाद से ही फिल्म को दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है. फिल्म में सूर्या और तृषा कृष्णन की जोड़ी को काफी पसंद किया जा रहा है. सोशल मीडिया पर दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री की भी जमकर तारीफ हो रही है. फिल्म की सफलता के बीच तृषा का यह पोस्ट फैंस के लिए और भी खास बन गया है.
हाल ही में तृषा कृष्णन एक और वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में आई थीं. करुप्पु के पहले दिन पहले शो के दौरान वह बेहद साधारण लुक में थिएटर पहुंची थीं. स्क्रीनिंग के बाद जब वह बाहर फोटोग्राफर्स के लिए पोज दे रही थीं तब उनके पीछे विजय का बड़ा पोस्टर लगा हुआ था. शायद तृषा को इसका अंदाजा नहीं था लेकिन सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पल को तुरंत नोटिस कर लिया. देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और फैंस इसे एक दिलचस्प इत्तेफाक बताने लगे.