नई दिल्ली: पाकिस्तान में मौजूद आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के एक वॉन्टेड ऑपरेटिव शब्बीर अहमद लोन को हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गिरफ्तार किया है. शब्बीर पर आरोप है कि वह बांग्लादेश में छिपकर भारत में आतंकी हमलों की साजिश रच रहा था. बताया जा रहा है कि वो राजा और कश्मीरी जैसे फेक नामों का भी इस्तेमाल करता था.
इसे स्पेशल सेल की NDR यूनिट ने केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों की मदद से दिल्ली बॉर्डर के पास से गिरफ्तार किया है. बता दें कि शब्बीर मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर जिले के कंगन का रहने वाला है. इसकी कॉस्मेटिक सर्जरी की बात भी सामने आई है.
सूत्रों के अनुसार, पकड़े जाने से बचने के लिए लोन ने अपना हुलिया बदला था. इसके लिए उसने गुरुग्राम में कॉस्मेटिक सर्जरी करवाई थी. उसने हेयर ट्रांसप्लांट पर करीब 1.5 लाख रुपये खर्च किए थे. इसके साथ ही दांतों को ठीक करवाने के लिए डेंटिस्ट से भी इलाज करवाया था. पुलिस ने बताया कि वो एक नई पहचान बनाने के लिए काफी पैसा खर्च कर रहा था और काफी सतर्क भी था.
खबरों के अनुसार, लोन की गिरफ्तारी तब हुआ जब सुरक्षा बलों ने दिल्ली और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में एक्टिव लश्कर-ए-तैयबा के एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया. इसके कुछ दिनों बाद ही इसे पकड़ा गया. बता दें कि यह ग्रुप दिल्ली और कोलकाता में पोस्टर लगाकर भारत विरोधी प्रोपेगैंडा फैला था. इसके साथ ही माना जा रहा है कि कई बड़े ऑपरेशन्स की भी तैयारी कर रहा था.
मामले की जांच कर रहे अधिकारियों ने बताया कि लोन का सीधा संपर्क आतंकवादी हाफिज सईड से था. लोन ने पाकिस्तान में आतंकी ट्रेनिंग ली थी. 2005 में लोन दिल्ली आया था. वह यहां पर फिदायीन हमले के इरादे से आया था, जिसेक बाद इसे गिरफ्तार कर लिया गया था. फिर जेल से रिहा होने के बाद वह बांग्लादेश भाग गया था. वहीं से उसने लश्कर के नेटवर्क को फिर से एक्टिव किया था.