menu-icon
India Daily

'द इंडिया स्टोरी' का पहला पोस्टर रिलीज, काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े लाएंगे मिलावटखोरी पर धमाकेदार ड्रामा

काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े की नई फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' की पहली झलक आ चुकी है. फिल्म का ऑफिशियल पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का बाजार गर्म हो गया है.

antima
Edited By: Antima Pal
'द इंडिया स्टोरी' का पहला पोस्टर रिलीज, काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े लाएंगे मिलावटखोरी पर धमाकेदार ड्रामा
Courtesy: X

The India Story Poster Released: अभिनेत्री काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े की नई फिल्म 'द इंडिया स्टोरी' की पहली झलक आ चुकी है. फिल्म का ऑफिशियल पोस्टर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का बाजार गर्म हो गया है. यह फिल्म आम लोगों की जिंदगी से जुड़े एक बेहद गंभीर मुद्दे – खाने-पीने की चीजों में मिलावट – पर आधारित है. फिल्म एक कोर्टरूम ड्रामा के रूप में दर्शकों के सामने आएगी, जिसमें सिस्टम से लड़ाई और न्याय की कहानी दिखाई जाएगी.

पोस्टर में क्या है खास?

पोस्टर में श्रेयस तलपड़े एक बीमार छोटी बच्ची को गोद में लिए नजर आ रहे हैं. उनकी आंखों में चिंता साफ दिख रही है. बैकग्राउंड में बॉम्बे हाई कोर्ट की इमारत है और गवाह के कटघरे में एक कीटनाशक (पेस्टिसाइड) का सिलेंडर रखा हुआ है. यह इशारा साफ है कि फिल्म में कोर्ट में लड़ाई होगी और मिलावट के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी.

पोस्टर देखकर ही लगता है कि कहानी दिल को छूने वाली और सोचने पर मजबूर करने वाली होगी. फिल्म खाने में मिलावट के खतरों को दिखाएगी. यह बताएगी कि कैसे छोटी-छोटी मिलावटें पूरे परिवार की सेहत बर्बाद कर देती हैं. खासकर गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर इसका कितना बुरा असर पड़ता है, इसे फिल्म में दिखाया जाएगा. निर्देशक चेतन डीके का कहना है कि यह फिल्म सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का माध्यम भी बनेगी.

कौन-कौन है टीम में?

फिल्म को सागर बी शिंदे ने लिखा और प्रोड्यूस किया है. को-प्रोड्यूसर्स में स्वाति विनायक सैंदाने, अनीता जाधव, विनायक सैंदानी, कल्पेश शाह, देवयानी खोराटे और प्रेम जोशी शामिल हैं. टेक्निकल टीम भी मजबूत है. सिनेमैटोग्राफी निशांत भगवत की है, म्यूजिक मंगेश धाकड़े का, एडिटिंग आशीष म्हात्रे ने की है, गीत शकील आजमी लिख रहे हैं और साउंड डिजाइन अनमोल भावे का है.

कब आएगी फिल्म?

'द इंडिया स्टोरी' 24 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. फिल्म हिंदी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में भारत के साथ-साथ दुनिया भर के दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी. फिल्म के पोस्टर रिलीज होते ही फैंस काफी एक्साइटेड नजर आ रहे हैं. काजल अग्रवाल और श्रेयस तलपड़े की जोड़ी पहली बार इस तरह किसी सामाजिक मुद्दे पर आधारित फिल्म में साथ नजर आएगी, जिससे दर्शकों को खूब उम्मीद है.