मुंबई: शिव ठाकरे ने कलर्स टीवी और जियोसिनेमा के रियलिटी शो 'द 50' के पहले सीजन में धमाकेदार जीत दर्ज की है. रविवार को हुए ग्रैंड फिनाले में उन्होंने ट्रॉफी उठाई, जबकि सोमवार को वे मुंबई के प्रसिद्ध सिद्धिविनायक मंदिर पहुंचे. ट्रॉफी हाथ में लिए शिव ने भगवान गणेश के दर्शन किए, दीये जलाए और आशीर्वाद लिया. मंदिर के बाहर पैपराजी से घिरे वे काफी खुश नजर आए और फोटो सेशन भी किया.
यह शो एक अनोखे फॉर्मेट वाला था, जहां विजेता के साथ उनके एक लकी फैन को भी बड़ा इनाम मिलता है. फिनाले में शिव ठाकरे ने फैसल शेख (मिस्टर फैसल), कृष्णा श्रॉफ, इमॉर्टल काका और रजत दलाल जैसे मजबूत कंटेस्टेंट्स को हराया. प्रिंस नरूला ने सेमीफाइनल जीतकर शिव को फिनाले टिकट दिया था, जिससे उनका सफर और मजबूत हुआ. शिव ने शांत और स्मार्ट गेम खेलकर सबका दिल जीता.
मीडिया से बात करते हुए शिव ने कहा- 'यह शो इसलिए प्यारा था क्योंकि इसमें फैन को पैसे मिलने थे. किसी की जिंदगी बदल गई. एक किसान भाई हैं, जिन्हें पूरे 50 लाख मिल गए, यह बहुत बड़ी बात है.' उनका नंबर वन फैन सीताराम प्रल्हाद अघाव, जो महाराष्ट्र से हैं और खेती करते हैं, को यह 50 लाख रुपये का चेक मिला.
सीताराम ने बताया कि उन्हें पहले लगा यह कोई धोखा हो सकता है, लेकिन चेक मिलने पर परिवार के साथ खुशी का ठिकाना नहीं रहा. अब इस रकम से उनकी फैमिली की आर्थिक स्थिति मजबूत हो जाएगी. सिद्धिविनायक विजिट शिव की विनम्रता दिखाता है. वे हमेशा बप्पा के आशीर्वाद से शुरुआत करते हैं, जैसा कि शो में एंट्री से पहले भी किया था. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो रहा है, जहां फैंस कमेंट कर रहे हैं- 'जो जीता वही सिकंदर' और 'शुरुआत बप्पा से हुई थी, हार कैसे सकते थे.'
कुछ फैसल के सपोर्टर्स नाराज हैं और कह रहे हैं कि शिव के ग्रुप ने टास्क में फैसल को डिस्ट्रैक्ट किया, इसलिए जीत ईमानदार नहीं थी. एक यूजर ने लिखा- 'खैरात वाली जीत... फैसल ज्यादा डिजर्विंग था.' लेकिन ज्यादातर लोग शिव की जीत से खुश हैं और उन्हें रियलिटी किंग बता रहे हैं. शिव ठाकरे पहले बिग बॉस मराठी 2 जीत चुके हैं, बिग बॉस 16 में रनर-अप रहे और खतरो के खिलाड़ी, झलक दिखला जा जैसे शोज में भी कमाल दिखाया. 'द 50' जीतकर उन्होंने एक बार फिर साबित किया कि वे स्ट्रैटेजी और पॉपुलैरिटी में माहिर हैं.