menu-icon
India Daily

राजकुमार राव की फिल्म 'भूल चूक माफ' का टीजर OUT, तुरंत देखें फिल्म की पहली झलक

राजकुमार राव और वामिका गब्बी की नई रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'भूल चूक माफ' का टीजर हाल ही में जारी किया गया है. इस टीजर में राजकुमार राव शादी की तैयारियों में व्यस्त नजर आ रहे हैं, लेकिन उनकी खुशी के पीछे एक दिलचस्प कहानी छिपी है, जो दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर देती है.

Ritu Sharma
Edited By: Ritu Sharma
राजकुमार राव की फिल्म 'भूल चूक माफ' का टीजर OUT, तुरंत देखें फिल्म की पहली झलक
Courtesy: Social Media

Bhool Chuk Maaf Teaser: मैडॉक फिल्म्स ने अपनी आगामी रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा फिल्म 'भूल चूक माफ' का आधिकारिक टीज़र जारी कर दिया है. इस फिल्म में राजकुमार राव और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे. कहानी वाराणसी की पृष्ठभूमि में सेट की गई है, जहां दो प्रेमी शादी से एक दिन पहले ही एक रहस्यमयी समय चक्र में फंस जाते हैं.

शादी से पहले ही समय के जाल में उलझी कहानी

आपको बता दें कि टीजर की शुरुआत में, राजकुमार राव का किरदार शादी के लिए 30 तारीख तय करता है. परिवार के सभी सदस्य खुशी से इस फैसले को स्वीकार कर लेते हैं और दोनों परिवार मिलकर शादी की रस्में शुरू कर देते हैं. हल्दी की रस्म के दौरान, सब कुछ सामान्य दिखता है, लेकिन तभी एक फूलदान अचानक छत से गिर जाता है और कहानी में नया मोड़ आ जाता है.

वहीं अगले दिन, जब राजकुमार जागते हैं, तो उन्हें एहसास होता है कि फिर से 29 तारीख ही चल रही है. शुरुआत में इसे महज़ एक संयोग मानने वाले राजकुमार को तब झटका लगता है जब यह सिलसिला लगातार चलता रहता है. हर दिन फिर से हल्दी की रस्म दोहराई जाती है, जिससे उनका किरदार चौंक जाता है और चिड़चिड़ा महसूस करने लगता है. अब सवाल यह उठता है कि क्या यह शादी वास्तव में होगी या नहीं? राजकुमार अपने प्यार को इस अनोखे समय चक्र से कैसे बाहर निकालेंगे? टीजर इस रहस्यमयी और रोमांटिक कहानी के कई दिलचस्प ट्विस्ट की झलक दिखाता है.

मैडॉक फिल्म्स ने किया टीजर रिलीज

बता दें कि मैडॉक फिल्म्स ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर टीज़र साझा करते हुए लिखा, ''दिन है उन्तीस या तीस? फर्क है बस उन्नीस-बीस! पर ये है क्या मसाला? जानिए 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में, तब तक भूल चूक माफ हो!'' इस फिल्म का निर्देशन और लेखन करण शर्मा ने किया है. इसे दिनेश विजन ने प्रस्तुत किया है, जिन्होंने पहले भी कई हिट फिल्मों का निर्माण किया है.

'भूल चूक माफ' बनी मैडॉक फिल्म्स की तीसरी बड़ी रिलीज

बताते चले कि इस साल अक्षय कुमार की 'स्काई फोर्स' और विक्की कौशल की 'छावा' के बाद, 'भूल चूक माफ' मैडॉक फिल्म्स की तीसरी बड़ी रिलीज़ होगी. फिल्म 10 अप्रैल 2024 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए तैयार है और दर्शकों के लिए एक नए और अनोखे रोमांस का अनुभव लेकर आ रही है.

बहरहाल, 'भूल चूक माफ' एक ऐसी प्रेम कहानी है, जिसमें रोमांस, ड्रामा और कॉमेडी का अनोखा मिश्रण देखने को मिलेगा. समय की पहेली में उलझे दो प्रेमियों की यह कहानी दर्शकों को बांधे रखने का वादा करती है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या राजकुमार और वामिका इस समय चक्र से बाहर निकलकर अपनी शादी पूरी कर पाएंगे या नहीं?