तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय की आखिरी फिल्म, 'जन नायकन' इस साल जनवरी में बड़े पर्दे पर रिलीज होने वाली थी. लेकिन सेंट्रल बोर्ड ऑफ सर्टिफिकेशन ने फिल्म को सर्टिफिकेट नहीं दिया है. CBFC और फिल्म बनाने वालों के बीच कानूनी लड़ाई के बाद फिल्म को आखिरकार रिविजिंग कमिटी के पास भेजा गया है. लेकिन हाल ही में 'जन नायकन' के प्रोड्यूसर वेंकट के. नारायण ने बताया कि फिल्म को अभी तक सर्टिफिकेट नहीं मिला है.
शुक्रवार को नारायण तमिलनाडु के तिरुचेंदूर में एक मंदिर गए और वहां जब मीडिया ने उनसे फिल्म के बारे में पूछा, तो उन्होंने कहा, 'यह 'जन नायकन' के बारे में बात करने की जगह नहीं है. मैं मंदिर में दर्शन के लिए आया हूँ. लेकिन जैसा कि मैंने बताया, हम सर्टिफ़िकेट आने का इंतजार कर रहे हैं. मुझे पूरा भरोसा है कि वे जल्द ही इसे दे देंगे. हम इसे जल्द से जल्द रिलीज करेंगे.'
जब उनसे रिलीज की तारीख के बारे में और पूछा गया, तो उन्होंने एक बार फिर कहा कि यह किसी और चीज के बारे में बात करने की जगह नहीं है. हालांकि उन्होंने आगे कहा, 'जैसे ही हमें सेंसर सर्टिफिकेट मिलेगा रिलीज की तारीख (घोषित) कर दी जाएगी. सेंसर सर्टिफिकेट हमारे हाथ में आते ही हम काफी पहले इसकी घोषणा कर देंगे. और हम इसे पूरी दुनिया में बड़े ही शानदार तरीके से रिलीज करेंगे.'
विजय के चुनाव जीतने और तमिलनाडु के CM बनने के बारे में आगे बात करते हुए नारायण ने कहा, 'मैं यहां दर्शन के लिए आया था और मुझे बहुत खुशी है कि विजय सर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं. जैसा कि आप जानते हैं, हमने फिल्म का टाइटल 'जन नायकन' रखा है. वे तमिलनाडु के 'जन नायकन' बन गए हैं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री. मुझे बहुत खुशी है. इसीलिए मैं दर्शन के लिए आया था.'
कुछ महीने पहले, 'जन नायकन' अपनी ऑफिशियल रिलीज से पहले ही ऑनलाइन लीक हो गई थी. इस लीक से हर कोई हैरान रह गया था, और दक्षिण भारत के कई बड़े सितारों ने ट्वीट करके लोगों से अपील की थी कि वे लीक हुआ वर्शन न देखें.