मुंबई: बॉलीवुड के एक्शन किंग सनी देओल इन दिनों काफी चर्चा में हैं. उनकी आगामी फिल्मों को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है. अब एक और बड़ी खबर सामने आई है. सनी देओल की उस अनटाइटल्ड फिल्म का नाम बदल दिया गया है, जिसकी पहले 'लखन' नाम से बात चल रही थी. अब मेकर्स ने इसे नया और ज्यादा पावरफुल टाइटल दे दिया है.
फिल्म का नया नाम है – परशुराम. पहले इस प्रोजेक्ट को 'लखन' नाम से जाना जा रहा था, लेकिन अब डायरेक्टर निखिल नागेश भट्ट ('किल' के निर्देशक) और पूरी टीम ने फैसला लिया है कि फिल्म को 'परशुराम' नाम से रिलीज किया जाएगा. सूत्रों के मुताबिक नया टाइटल फिल्म की थीम, भव्यता और सनी देओल के दमदार अवतार से ज्यादा मेल खाता है.
'परशुराम' नाम सुनते ही दर्शकों के मन में पौराणिक और एक्शन से भरी छवि उभरती है, जो इस फिल्म के मूड के साथ बिल्कुल फिट बैठता है. यह फिल्म 'किल' फेम युवा निर्देशक निखिल नागेश भट्ट के डायरेक्शन में बन रही है. रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म में सनी देओल मुख्य भूमिका में होंगे और उनका किरदार काफी पावरफुल और इंटेंस बताया जा रहा है.
मेकर्स का कहना है कि 'परशुराम' टाइटल फिल्म की कहानी की गहराई और सनी के एक्शन अवतार को बेहतर तरीके से सामने लाएगा. फिल्म अभी प्री-प्रोडक्शन के स्टेज पर है. अक्टूबर 2026 से इसका शूटिंग शुरू होने की संभावना है. जल्द ही फिल्म की आधिकारिक घोषणा भी की जा सकती है. अभी तक फिल्म की कहानी या अन्य डिटेल्स पर पूरी तरह से पर्दा है, लेकिन नाम बदलने के बाद फैंस में उत्सुकता और बढ़ गई है.
सनी देओल इन दिनों काफी व्यस्त हैं. उनकी फिल्म 'लाहौर 1947' 13 अगस्त 2026 को रिलीज होने वाली है, जिसमें वे लीड रोल में नजर आएंगे. इसके अलावा वे नितेश तिवारी की 'रामायण' में हनुमान का किरदार निभा रहे हैं, जो दर्शकों के बीच खासा क्रेज पैदा कर रही है. 'इक्का', 'गबरू' जैसी अन्य फिल्में भी उनकी पाइपलाइन में हैं.
'परशुराम' फिल्म को लेकर फैंस में अब और ज्यादा एक्साइटमेंट है क्योंकि सनी देओल जब भी स्क्रीन पर एक्शन करते हैं, तो दर्शक थिएटर में टिक नहीं पाते. पौराणिक नाम होने के कारण फिल्म में भव्य विजुअल्स, तगड़े एक्शन सीक्वेंस और इमोशनल ड्रामा की भी उम्मीद की जा रही है. कुल मिलाकर सनी देओल की यह नई फिल्म 'परशुराम' उनके करियर की एक और धांसू एंट्री साबित हो सकती है. फैंस अब इस प्रोजेक्ट की पहली लुक, पोस्टर और ट्रेलर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.