मुंबई: बॉलीवुड में अपने बेबाक अंदाज के लिए जानी जाने वाली सुनीता आहूजा एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार वजह उनका एक ऐसा बयान है जिसने फैंस को चौंका दिया है. उन्होंने अपने पति गोविंदा को लेकर ऐसी बात कही है जो तेजी से चर्चा का विषय बन गई है. हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान सुनीता आहूजा ने अपने रिश्ते और निजी जिंदगी के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने बताया कि गोविंदा एक बेटे और भाई के रूप में बहुत अच्छे हैं, लेकिन पति के तौर पर उनकी कुछ कमियां हैं.
उन्होंने कहा कि उन्हें जिंदगी में घूमना फिरना, पार्टी करना और बाहर डिनर पर जाना पसंद है, लेकिन गोविंदा ने अपनी जिंदगी का ज्यादातर समय सिर्फ परिवार के लिए समर्पित कर दिया.
सुनीता ने कहा कि गोविंदा ने अपने लिए कभी जिंदगी नहीं जी. उन्होंने हमेशा अपने परिवार और काम को प्राथमिकता दी. उनके मुताबिक, इतना बड़ा सुपरस्टार बनने के बाद भी उन्होंने जिंदगी के दूसरे पहलुओं का आनंद नहीं लिया. यही बात उन्हें दुख देती है.
इसी बात को आगे बढ़ाते हुए सुनीता ने कहा कि वह गोविंदा जैसे बेटे की ख्वाहिश रखती हैं, लेकिन पति के तौर पर नहीं. उनका मानना है कि एक बेटे के रूप में गोविंदा आदर्श हैं, क्योंकि वह परिवार के लिए पूरी तरह समर्पित हैं. लेकिन एक पति के तौर पर उन्हें वह समय और जीवनशैली नहीं मिली जिसकी वह उम्मीद करती थीं.
सुनीता ने अपने लंबे रिश्ते को लेकर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि अब 40 साल का समय बीत चुका है, ऐसे में किसी तरह का पछतावा करने का कोई मतलब नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि अब इस रिश्ते को छोड़ने का सवाल ही नहीं उठता. इतने साल साथ बिताने के बाद अब इस बारे में सोचना भी सही नहीं है.
गोविंदा और सुनीता की कहानी भी काफी दिलचस्प रही है. दोनों की मुलाकात तब हुई थी जब वे काफी छोटे थे. दोनों के बीच रिश्ता धीरे धीरे मजबूत हुआ और उन्होंने साल 1987 में शादी कर ली. उस समय गोविंदा अपने करियर की शुरुआत कर रहे थे, इसलिए उन्होंने अपनी शादी को कुछ समय तक निजी रखा.