Sunil Pal Kidnapping Case: कॉमेडियन सुनील पाल और जाने माने एक्टर मुश्ताक खान की किडनैपिंग के मामले में मुख्य आरोपी लवी पाल उर्फ सुशांत चौधरी को बिजनौर पुलिस ने रविवार रात एक एनकाउंटर में गिरफ्तार कर लिया है. लवी पाल पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था और वह इस घिनौने अपराध का मास्टरमाइंड था. एनकाउंटर के दौरान लवी पाल के बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए स्थानीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया. पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के बाद उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और 35 हजार रुपये भी बरामद किए हैं.
रविवार रात दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि लवी पाल अपने रिश्तेदार शिवम के साथ जैन फार्म के पास पहुंचने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर लवी पाल को घेरने की कोशिश की. लेकिन लवी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने उसे काबू करने के लिए गोली चलाई, और उसकी बाईं टांग में गोली लग गई. इस दौरान शिवम मौके का फायदा उठाकर भाग निकला.
बिजनौर के शहर कोतवाल उदय प्रताप ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लवी पाल ही इस पूरी साजिश का मास्टरमाइंड था. एक्टरर्स की किडनैपिंग और फिरौती की योजना उसी ने बनाई थी. बता दें कि इससे पहले 20 नवंबर को मुश्ताक खान और 2 दिसंबर को सुनील पाल का अपहरण किया गया था. इन दोनों घटनाओं में फिरौती की मांग की गई थी, जिनमें से मुश्ताक खान का अपहरण बिजनौर जिले में हुआ था, जबकि सुनील पाल का अपहरण मेरठ जिले में किया गया था.
14 दिसंबर को बिजनौर पुलिस ने मामले का पर्दाफाश करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था, लेकिन इस केस के दो दूसरे आरोपी अभी भी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है.
लवी पाल उर्फ सुशांत चौधरी एक शातिर अपराधी है, जो कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसके ऊपर विभिन्न अपराधों का आरोप पहले भी लग चुका है, लेकिन यह अपहरण कांड उसकी सबसे बड़ी घटना रही है. पुलिस के अनुसार, लवी ने अपने गैंग के साथ मिलकर बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों को अपना शिकार बनाया और फिरौती के लिए उनका अपहरण किया.
इस मामले की गहनता से जांच जारी है, और पुलिस अधिकारियों का मानना है कि लवी के गिरोह के दूसरे सदस्य जल्द ही पकड़े जाएंगे.