Suniel Shetty Talks About PM Modi: बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने अपने 15 महीने की नातिन के पीएम नरेंद्र मोदी के प्रति लगाव की एक प्यारी कहानी शेयर की है. सुनील ने बताया कि उनकी नातिन यानी अथिया की बेटी हर सुबह पीएम मोदी की तस्वीर को 'मेक-बिलीव' लड्डू चढ़ाती है और 'मोदी जी, मोदी जी' बोलती है. यह खुलासा उन्होंने अपनी नई फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' की प्रमोशन के दौरान किया.
एक इंटरव्यू में बात करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा- 'मैं लंबे समय से कहता आ रहा हूं कि मैं उनका बहुत बड़ा फैन हूं. मैं किसी पार्टी की बात नहीं कर रहा, एक लीडर की बात कर रहा हूं. अगर कोई लीडर मुझे प्रभावित करता है तो मैं खुले दिल से कहता हूं.'
सुनील ने आगे बताया- 'आप यकीन नहीं करेंगे, मेरी नातिन सिर्फ 15 महीने की है. उसकी एक नानी ने एयरपोर्ट पर उन्हें मोदी जी की फोटो दिखाई थी. अब हर सुबह वह साईं बाबा की किताब खोलती है जिसमें मोदी जी की बड़ी फोटो है. वह 'मोदी जी, मोदी जी' बोलती है. फिर गणपति जी की मूर्ति के पास रखे लड्डुओं के पास जाती है, बनावटी लड्डू उठाती है और मोदी जी को खिलाती है.'
सुनील ने खास बात यह बताई कि न तो उन्होंने, न उनकी बेटी ने और न ही नानी ने बच्ची को कुछ सिखाया. सिर्फ एक बार नानी ने 'मोदी जी' कहा था. इसके बाद बच्ची खुद-ब-खुद यह सब करने लगी. सुनील ने कहा- 'इसमें कुछ जादू जरूर है. कोई कुछ बोला नहीं, फिर भी वह रोज मोदी जी का नाम लेती है.' यह प्यारा किस्सा सुनकर फैंस भी भावुक हो गए.