मुंबई: सपनों के शहर मुंबई में कई लोग भीड़ में खो जाते हैं तो कई लोग अपनी पहचान बना ही लेते हैं. सिद्धांत चतुर्वेदी भी उन्हीं में से एक हैं जिसने इस शोरगुल भरी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है. बलिया के इस लड़के ने ना सिर्फ अपने सपनों को जिया है, बल्कि अपनी मेहनत से बॉलीवुड में ऐसी जगह बनाई जो हर किसी के बस की बात नहीं है. उनकी कहानी में संघर्ष भी है, किस्मत भी है और एक ऐसा मोड़ भी, जिसने सब कुछ बदल दिया.
सिद्धांत चतुर्वेदी का जन्म उत्तर प्रदेश के बलिया में एक मिडिल क्लास परिवार में हुआ था. उनके पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट थे और घर में पढ़ाई को काफी महत्व दिया जाता था. परिवार चाहता था कि सिद्धांत भी एक सुरक्षित करियर चुनें और सीए बनें. लेकिन शायद एक्टर के दिल में कुछ और ही चल रहा था. बचपन से ही उन्हें एक्टिंग और स्टेज से लगाव था. पांच साल की उम्र में मुंबई आने के बाद उन्होंने अपने सपनों को धीरे धीरे आकार देना शुरू किया.
सिद्धांत ने सीए की पढ़ाई के साथ साथ एक्टिंग में हाथ आजमाना शुरू किया. साल 2013 में उन्होंने क्लीन एंड क्लियर बॉम्बे टाइम्स फ्रेश फेस प्रतियोगिता जीती. यही उनके लिए पहला बड़ा मौका था. इसके बाद उन्होंने मॉडलिंग, एड शूट और थिएटर में काम करना शुरू किया. थिएटर ने उन्हें न सिर्फ आत्मविश्वास दिया बल्कि एक्टिंग की बारीकियां भी सिखाईं. धीरे धीरे उनका फोकस पूरी तरह एक्टिंग पर आ गया.
साल 2016 में आई वेब सीरीज लाइफ सही है से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की. हालांकि यह शुरुआत छोटी थी, लेकिन इससे उन्हें इंडस्ट्री में पहचान मिलने लगी. इसके बाद 2017 में अमेजन प्राइम की चर्चित सीरीज इनसाइड एज में उनका रोल लोगों को पसंद आया. इस सीरीज ने उन्हें एक सीरियस एक्टर के तौर पर स्थापित कर दिया. कहते हैं किस्मत कब और कैसे बदल जाए, कोई नहीं जानता. सिद्धांत के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. एक पार्टी में उनकी एनर्जी और डांस देखकर मशहूर डायरेक्टर जोया अख्तर काफी प्रभावित हुईं. यही वह पल था जब उन्हें फिल्म गली बॉय के लिए चुना गया. इस फिल्म में उन्होंने MC Sher का किरदार निभाया और अपनी दमदार एक्टिंग से सभी का दिल जीत लिया.
गली बॉय में रणवीर सिंह के साथ काम करते हुए सिद्धांत ने साबित कर दिया कि वह सिर्फ सपोर्टिंग रोल तक सीमित नहीं हैं. उनकी डायलॉग डिलीवरी और स्क्रीन प्रेजेंस ने उन्हें रातों रात स्टार बना दिया. इसके बाद उन्हें लगातार फिल्मों के ऑफर मिलने लगे. धीरे धीरे उन्होंने साइड रोल से लेकर लीड रोल तक का सफर तय किया.