मुंबई: बॉलीवुड के खतरों के सुल्तान कहे जाने वाले अक्षय कुमार इन दिनों अपनी मेजबानी वाली गेम शो 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' के फिनाले एपिसोड की वजह से चर्चा में हैं. शो के आखिरी एपिसोड में अक्षय कुमार ने ऐसा कुछ किया कि पूरा स्टूडियो हंसते-हंसते लोट-पोट हो गया.
एपिसोड में मेहमान बनकर आईं जैकलीन फर्नांडीज, भूमि पेडनेकर और फराह खान के साथ मस्ती करते हुए अक्षय को जैकलीन ने एक मजेदार चैलेंज दे डाला. जैकलीन ने कहा कि अक्षय को एक मिनट तक हाई हील्स पहनकर डांस करना होगा. अगर बीच में रुके तो उन्हें एक लाख रुपये जैकलीन को ट्रांसफर करने होंगे. सुनते ही अक्षय कुमार के चेहरे पर डर साफ दिखाई दिया.
Akshay dancing with heels wasn't in my 2026 bingo card 🤣
by u/shawerma114 in BollyBlindsNGossip
उन्होंने तुरंत कहा- 'पागल है क्या? मैं हील्स पहनूं? मोच आ जाएगी. मैंने कभी जिंदगी में हील्स नहीं पहनीं, मुझे बहुत डर लग रहा है.' लेकिन फराह खान और बाकी मेहमानों के जोर देने पर अक्षय तैयार हो गए. जैकलीन की मदद से अक्षय ने लाल रंग की हाई हील्स पहनीं और 'हाउसफुल 4' के गाने 'लाल परी' पर डांस शुरू कर दिया.
हैरानी की बात यह थी कि अक्षय ने सिर्फ डांस ही नहीं किया, बल्कि स्पिन भी करने की कोशिश की. बीच-बीच में फराह खान और भूमि पेडनेकर भी स्टेज पर आकर उनके साथ डांस करने लगीं. फराह खान ने तो कुछ कॉम्प्लिकेटेड फुटवर्क भी करवाया, जिसे अक्षय ने काफी अच्छे से हैंडल कर लिया. एक मिनट पूरा होने के बाद फराह खान ने अक्षय को सलाम करते हुए कहा कि वे सच में इम्प्रेस हुई हैं. लेकिन मजा तो तब आया जब डांस के दौरान अक्षय के हील्स का एक हिस्सा टूट गया.
इस हादसे पर पूरा स्टूडियो ठहाकों से गूंज उठा. हील्स टूटने के बाद अक्षय कुमार ने मजाकिया अंदाज में कहा- 'सारी औरतों को सलाम है. आप लोग रोजाना कैसे पहनती हो ये हील्स? मैं तो बस एक मिनट में ही हार मान गया.' यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. फैंस अक्षय कुमार की इस हिम्मत और मजाकिया अंदाज की खूब तारीफ कर रहे हैं.