Shaque – Trust No One OTT Release: बॉलीवुड अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा अब डिजिटल स्क्रीन पर अपनी पहली वेब सीरीज के साथ धमाका करने वाली हैं. उनकी नई मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज 'शक – ट्रस्ट नो वन' दर्शकों को सस्पेंस और रहस्य के चक्रव्यूह में उलझा देगी. यह सीरीज नेटफ्लिक्स पर 24 सितंबर 2026 से स्ट्रीम होगी.
सीरीज में परिणीति के साथ जेनिफर विंगेट और सोनी राजदान जैसे नामी कलाकार भी नजर आएंगे. इसका निर्माण रेंसिल डी सिल्वा और सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा ने किया है, जबकि निर्देशन खुद रेंसिल डी सिल्वा ने संभाला है. कहानी भरोसे और शक के बीच की पतली रेखा, रिश्तों के राज और छिपे हुए सच पर आधारित है.
कहानी एक परेशान मां की है, जो नौ साल से अपनी खोई हुई संतान की तलाश में भटक रही है. जैसे-जैसे वह सुराग जुटाती है और जवाब ढूंढने लगती है, कहानी एक अंधेरे मोड़ पर पहुंच जाती है. उसे एहसास होता है कि सबसे बड़े राज और धोखे उसके सबसे करीबी लोगों में छिपे हो सकते हैं. क्या वह सच तक पहुंच पाएगी? यही सवाल पूरी सीरीज को रोमांचक बनाता है.
नेटफ्लिक्स ने सीरीज का दिलचस्प पोस्टर शेयर करते हुए लिखा- 'शक की सुई चल पड़ी है, तारीख नजदीक आ रही है. 24 सितंबर को सिर्फ नेटफ्लिक्स पर देखें शक.' इस ऐलान के बाद फैंस में उत्साह बढ़ गया है. परिणीति चोपड़ा पहली बार किसी ओटीटी सीरीज में लीड रोल में दिखेंगी, इसलिए दर्शक उनके नए अवतार को लेकर बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
'शक – ट्रस्ट नो वन' सिर्फ एक थ्रिलर नहीं, बल्कि भावनाओं, संदेह और सच्चाई की खोज की कहानी है. मां-बच्चे के रिश्ते, प्रेम और जुनून के बीच उलझे किरदार कहानी को और गहराई देंगे. सीरीज में कई अप्रत्याशित ट्विस्ट होने की उम्मीद है, जो दर्शकों को आखिरी एपिसोड तक बांधे रखेंगे.
सितंबर में रिलीज होने वाली इस सीरीज को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा जोरों पर है. परिणीति के फैंस और थ्रिलर प्रेमी दोनों ही इसे देखने के लिए तैयार हैं. नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होने के बाद यह सीरीज विकेंड का सबसे बड़ा आकर्षण बन सकती है. शक का यह सफर 24 सितंबर से शुरू होगा, और तभी पता चलेगा कि भरोसा करना कितना खतरनाक साबित हो सकता है.