menu-icon
India Daily

रिलीज होने से पहले ही कानूनी मुसीबत में फंसी इमरान हाशमी-यामी गौतम की फिल्म 'हक', शाह बानो की बेटी ने भेजा नोटिस

रिलीज होने से पहले ही इमरान हाशमी-यामी गौतम की फिल्म 'हक' कानूनी मुसीबत में फंस गई है. जी हां शाह बानो की बेटी ने इस फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है. चलिए जानते हैं पूरा मामला क्या है.

antima
Edited By: Antima Pal
रिलीज होने से पहले ही कानूनी मुसीबत में फंसी इमरान हाशमी-यामी गौतम की फिल्म 'हक', शाह बानो की बेटी ने भेजा नोटिस
Courtesy: imdb

मुंबई: बॉलीवुड की आने वाली फिल्म 'हक' रिलीज से पहले ही विवादों में घिर गई है. इमरान हाशमी और यामी गौतम अभिनीत यह फिल्म मशहूर शाह बानो केस पर आधारित बताई जा रही है. लेकिन अब शाह बानो की बेटी सिद्दीका बेगम ने फिल्म के निर्माताओं को कानूनी नोटिस भेजकर रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है.

सिद्दीका बेगम ने आरोप लगाया है कि फिल्म में उनकी दिवंगत मां शाह बानो बेगम की निजी जिंदगी को बिना परिवार की अनुमति के दिखाया जा रहा है. यह नोटिस फिल्म के निर्देशक सुपर्ण वर्मा, निर्माता कंपनी जंगली पिक्चर्स और बावेजा स्टूडियोज के साथ-साथ सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) को भी भेजा गया है.

क्या है शाह बानो केस?

शाह बानो केस भारत के इतिहास में एक बड़ा कानूनी मुद्दा रहा है. साल 1985 में सुप्रीम कोर्ट ने शाह बानो नाम की एक मुस्लिम महिला को तलाक के बाद गुजारा भत्ता देने का फैसला सुनाया था. उस समय शाह बानो की उम्र 62 साल थी और उनके पति ने तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया था. कोर्ट ने कहा था कि मुस्लिम महिला को भी हिंदू-ईसाई महिलाओं की तरह भरण-पोषण का हक है. इस फैसले से पूरे देश में बहस छिड़ गई थी. 

फिल्म 'हक' में क्या है?

'हक' फिल्म इसी ऐतिहासिक केस को लेकर बनाई गई है. ट्रेलर में दिखाया गया है कि एक महिला न्याय की लड़ाई लड़ रही है. इमरान हाशमी वकील की भूमिका में हैं, जबकि यामी गौतम मुख्य किरदार निभा रही हैं. फिल्म में कानूनी लड़ाई, परिवार और समाज के दबाव को दर्शाया गया है. लेकिन सिद्दीका बेगम का कहना है कि उनकी मां की जिंदगी की निजी बातें बिना इजाजत दिखाना गलत है. वे नहीं चाहतीं कि परिवार की मर्जी के बिना उनकी मां की कहानी पर्दे पर आए.

नोटिस में क्या मांग?

फिल्म का प्रचार और रिलीज तुरंत रोका जाए. शाह बानो की निजी जिंदगी हटाई जाए या परिवार की अनुमति ली जाए. अगर फिल्म रिलीज हुई, तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अभी तक निर्देशक सुपर्ण वर्मा या निर्माताओं की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.