menu-icon
India Daily

मेरा परिवार मुंबईकर है... मराठी वाले बयान पर संजय दत्त का यू-टर्न, मंत्री से मांगी माफी

संजय दत्त ने मराठी भाषा को लेकर दिए बयान पर महाराष्ट्र के मंत्री प्रताप सरनाईक से माफी मांगी है.

Ashutosh
Edited By: Ashutosh Rai
मेरा परिवार मुंबईकर है... मराठी वाले बयान पर संजय दत्त का यू-टर्न, मंत्री से मांगी माफी
Courtesy: X

Sanjay Dutt Apologizes: ठाणे के दहीहंडी कार्यक्रम में मराठी को लेकर संजय दत्त की टिप्पणी पर विवाद शुरू हो गया था. अभिनेता ने कहा था कि छह साल जेल में रहने के बावजूद वह मराठी नहीं सीख पाए. मामला बढ़ने के बाद उन्होंने मंत्री प्रताप सरनाईक को फोन किया और अपने बयान पर सफाई दी.

दहीहंडी कार्यक्रम में दिया था बयान

ठाणे में हुए दहीहंडी कार्यक्रम में मंत्री प्रताप सरनाईक ने संजय दत्त से मराठी में बोलने को कहा था. इसके जवाब में अभिनेता ने जेल में रहने का जिक्र करते हुए कहा कि वह वहां छह साल रहने के बावजूद मराठी नहीं सीख सके. संजय दत्त के मुताबिक उन्होंने यह बात केवल मजाक में कही थी लेकिन बाद में इसे अलग तरीके से लिया गया. विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने मामले को साफ करने के लिए मंत्री से बात की.

मराठी में की बातचीत और मांगी माफी

आईएनएस की रिपोर्ट के मुताबिक संजय दत्त ने प्रताप सरनाईक को फोन किया और बातचीत की शुरुआत ही मराठी में की. उन्होंने कहा, ‘प्रताप भाई, जय महाराष्ट्र.’ इसके बाद उन्होंने अपने बयान पर सफाई दी. अभिनेता ने कहा कि उन्हें मराठी अच्छी तरह आती है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुईं या बात का गलत मतलब निकला, तो वह माफी मांगते हैं.

महाराष्ट्र से बताया अपना गहरा रिश्ता

संजय दत्त ने बातचीत के दौरान महाराष्ट्र से अपने परिवार और जीवन के रिश्ते का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि उनका परिवार मुंबई से जुड़ा है और वह इसी मिट्टी में पले-बढ़े हैं. उन्होंने माना कि महाराष्ट्र ने उन्हें जीवन और करियर में बहुत कुछ दिया है. प्रताप सरनाईक के संस्कृति युवा प्रतिष्ठान की ओर से आयोजित दहीहंडी कार्यक्रम में सुनील शेट्टी और सूर्यकुमार यादव समेत कई चर्चित चेहरे भी पहुंचे थे.