menu-icon
India Daily

Babil Khan Crying Video: बाबिल खान को रोता देख खुद को नहीं रोक पाए हर्षवर्धन राणे, दी इस चीज से दूर रहने की सलाह

Babil Khan Crying Video: बाबिल खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें वे भावुक होते हुए बॉलीवुड को 'सबसे नकली इंडस्ट्री' बताते नजर आए. अब बाबिल के वीडियो पर हर्षवर्धन राणे ने खुलेआम समर्थन देते हुए इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश साझा किया.

babli
Edited By: Babli Rautela
Babil Khan Crying Video: बाबिल खान को रोता देख खुद को नहीं रोक पाए हर्षवर्धन राणे, दी इस चीज से दूर रहने की सलाह
Courtesy: Social Media

Babil Khan Crying Video: बॉलीवुड एक्टर और दिग्गज एक्टर इरफान खान के बेटे बाबिल खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में वे भावुक होते हुए बॉलीवुड को 'सबसे नकली इंडस्ट्री' बताते नजर आए. इस वीडियो में बाबिल ने इंडस्ट्री में अपनी निराशा और संघर्ष को बयां किया, जिससे उनके फैंस के साथ-साथ बॉलीवुड के कई सितारे भी प्रभावित हुए. हालांकि बाद में बाबिल ने यह वीडियो डिलीट कर दिया और अपने सोशल मीडिया अकाउंट को भी डिलीट कर दिया जिसने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया कि आखिर हुआ क्या.

‘सनम तेरी कसम’ फेम एक्टर हर्षवर्धन राणे ने बाबिल को खुलेआम समर्थन देते हुए इंस्टाग्राम पर एक भावुक संदेश साझा किया. उन्होंने लिखा, 'प्रिय बाबिल खान, आपको अभिनय में ईश्वरीय आनुवंशिकता का आशीर्वाद प्राप्त है, हमें आपकी विरासत को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है! कृपया बस अपने काम को अपना बेस्ट दें, और उसके बाद 'इवेंट और आफ्टर पार्टीज से दूर रहें' ताकि परेशान करने वाली चीजों से संपर्क से बचें.'

बाबिल खान का हौसला बढ़ाने आए हर्षवर्धन राणे

हर्षवर्धन ने बाबिल को शराब और कई दूसरे नकारात्मक चीजों से दूर रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में मानसिक मजबूती बनाए रखना बेहद जरूरी है. हर्षवर्धन ने यह भी लिखा, 'मैं किसी फिल्मी परिवार से नहीं हूं, लेकिन मैंने यह सीखा है कि अगर आप किसी को अनुमति नहीं देते हैं, तो वे आपके साथ बुरा व्यवहार नहीं कर सकते. आपको अपनी बात पर अड़े रहने की जरूरत है.'

Harshvardhan Rane
Harshvardhan Rane Instagram

उन्होंने बाबिल को संयमित जीवन जीने और अपनी अभिनय प्रतिभा पर भरोसा बनाए रखने की बात कही. उनका यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोग इसे प्रेरणादायक मान रहे हैं.

मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बोले बाबिल

बाबिल की टीम ने इस मामले में एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा, 'बाबिल को भी मुश्किल दिनों से गुजरना पड़ता है, और यह उनमें से एक था. वह सुरक्षित हैं और जल्द ही बेहतर महसूस करेंगे.' बाबिल पहले भी मानसिक स्वास्थ्य को लेकर खुलकर बोलते आए हैं, और इस वीडियो ने एक बार फिर उनके संवेदनशील और ईमानदार व्यक्तित्व को सामने रखा.

बाबिल के वीडियो के बाद बॉलीवुड से अनन्या पांडे, राघव जुयाल, कुबरा सैत, सिद्धांत चतुर्वेदी सहित कई सितारों ने समर्थन जताया और उनके साथ खड़े होने की बात कही. यह दिखाता है कि इंडस्ट्री में चुनौतियां तो हैं, लेकिन साथ देने वाले लोग भी मौजूद हैं.