मुंबई: अनीत पड्डा और अहान पांडे स्टारर सैयारा ने रिलीज के समय बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था. अब एक बार फिर यह फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाने में कामयाब हो रही है. वैलेंटाइन डे 2026 से पहले इस रोमांटिक म्यूजिकल को फिर से बड़े पर्दे पर उतारा गया है. खास बात यह है कि इसकी दोबारा रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी.
टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म BookMyShow की माने तो सैयारा के मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु और पुणे जैसे मेट्रो शहरों में लिमिटेड शो रखे गए हैं. मुंबई में फिल्म के वीकेंड शो चल रहे हैं, जबकि दिल्ली में दर्शक इसे बुधवार तक देख सकते हैं. टिकट की कीमतें सामान्य रखी गई हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा दर्शक सिनेमाघरों तक पहुंच सकें.
सैयारा को प्रोडक्शन हाउस यश राज फिल्म द्वारा बिना किसी प्रचार के फिर से रिलीज किया गया है. इंडस्ट्री में इसे वैलेंटाइन सीजन की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. रोमांटिक फिल्मों की मांग को देखते हुए मेकर्स ने सीमित स्केल पर फिल्म को दोबारा सिनेमाघरों में उतारा है. सैयारा को 2025 की टॉप पांच कमर्शियल फिल्मों में गिना गया था. फिल्म ने न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई की बल्कि अनीत पड्डा और अहान पांडे को रातों रात स्टार भी बना दिया. मोहित सूरी की डायरेक्टेड इस फिल्म ने लंबे समय बाद क्लासिक लव स्टोरी का अहसास दर्शकों को दिया.
करीब 50 दिनों तक सिनेमाघरों में चलने के बाद सैयारा का प्रीमियर 12 सितंबर 2025 को नेटफ्लिक्स पर हुआ था. ओटीटी रिलीज के बाद भी फिल्म को दर्शकों से भरपूर प्यार मिला. युवाओं के साथ साथ फैमिली ऑडियंस ने भी फिल्म को खूब देखा और सराहा. जनवरी 2026 में सैयारा की हाफ ईयर एनिवर्सरी पर अनीत पड्डा और अहान पांडे ने फिल्म के मशहूर अभी कुछ पल बाकी है सीन को दोबारा क्रिएट किया. अनीत ने अपनी ऑन स्क्रीन किरदार वाणी बत्रा की तरह सफेद कुर्ता और जींस पहनी थी, जबकि अहान बाइक पर बैठे नजर आए. यह तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई.
फेमिना को दिए इंटरव्यू में अनीत पड्डा ने सैयारा की सफलता के बाद मिले अटेंशन पर खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि लोगों की राय और लगातार मिल रहे मैसेज उन्हें इमोशनली प्रभावित करने लगे थे. हालांकि को स्टार अहान पांडे ने उन्हें संतुलन बनाए रखने में मदद की. दोनों एक दूसरे से यही कहते थे कि इस फिल्म को प्यार के लिए करना है और दुनिया को भूला हुआ प्यार याद दिलाना है.