मुंबई: बॉलीवुड में एक बार फिर विवाद की नई लहर उठी है. इस बार अभिनेत्री कंगना रनौत और संगीतकार एआर रहमान के बीच तीखी नोंकझोंक के बाद अब दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज ने कंगना पर तीखा हमला बोला है. प्रकाश राज ने कहा है कि इस मुद्दे पर 'लोग भौंकना शुरू कर चुके हैं.' यह बयान केरल लिटरेचर फेस्टिवल में दिए गए एक कार्यक्रम के दौरान आया, जहां वे 'क्रिमिनलाइजिंग डिसेंट' (विरोध को अपराध बनाने) के मुद्दे पर बोल रहे थे.
मामला शुरू हुआ एआर रहमान के एक इंटरव्यू से. एक इंटरव्यू में रहमान ने कहा कि बॉलीवुड में पिछले कुछ सालों में सत्ता बदल गई है और अब क्रिएटिव लोग नहीं, बल्कि कॉर्पोरेट्स और म्यूजिक लेबल्स का कंट्रोल है. उन्होंने फिल्म 'छावा' को 'बांटने वाली फिल्म' बताया और संकेत दिया कि उनकी धार्मिक पहचान की वजह से उन्हें कम काम मिल रहा है. इस बयान पर कई लोगों ने विरोध जताया.
कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर रहमान पर तीखा हमला बोला. उन्होंने लिखा- 'डियर रहमान जी, मैंने भगवा पार्टी को सपोर्ट करने पर काफी भेदभाव झेला है, लेकिन आपसे ज्यादा हेटफुल और पक्षपाती इंसान मैंने नहीं देखा.' कंगना ने बताया कि उन्होंने अपनी फिल्म इमरजेंसी के लिए रहमान से नरेशन करवाना चाहा था, लेकिन रहमान ने इसे 'प्रोपेगैंडा फिल्म' कहकर मिलने तक से इनकार कर दिया.
कंगना ने कहा कि फिल्म को क्रिटिक्स ने मास्टरपीस कहा और यहां तक कि विपक्षी पार्टियों ने भी सराहना की, लेकिन रहमान नफरत में अंधे थे. इस पर प्रकाश राज ने कंगना को कड़ा जवाब दिया. उन्होंने कहा- 'एआर रहमान के साथ क्या हुआ? उन्होंने 'मां तुझे सलाम', 'जय हो' जैसी फिल्में दीं, 2 ऑस्कर जीते. वो काम के लिए भीख नहीं मांग रहे थे, बस अपना अनुभव बता रहे थे.'
प्रकाश ने आगे कहा- 'देखिए इस मुद्दे पर क्या हंगामा मचाया गया है. लोग भौंकना शुरू कर चुके हैं. एक लेडी डायरेक्टर और एक्ट्रेस बस इसलिए क्योंकि सिंगर ने उनके लिए काम नहीं किया, उन्हें एंटी-नेशनल कह रही है. कंगना अपनी फिल्म इमरजेंसी, जो प्रोपेगैंडा मूवी है, उसे क्लासिक कह रही हैं.' प्रकाश राज का यह बयान काफी वायरल हो गया है.
उन्होंने रहमान की क्रिएटिव फ्रीडम का बचाव किया और कहा कि किसी प्रोजेक्ट को ठुकराना उनका अधिकार है. इस विवाद ने बॉलीवुड में राजनीति, क्रिएटिविटी और व्यक्तिगत मतभेदों को फिर से सुर्खियों में ला दिया है. सोशल मीडिया पर लोग दोनों पक्षों में बंट गए हैं. कुछ कंगना का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ प्रकाश राज और रहमान के साथ खड़े हैं.