मुंबई: बॉलीवुड के 'धुरंधर' रणवीर सिंह इन दिनों अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल लाइफ को बैलेंस करने की तैयारी कर रहे हैं. एक नई रिपोर्ट के मुताबिक रणवीर अगले महीने से जॉम्बी थ्रिलर फिल्म प्रलय की शूटिंग शुरू करने वाले हैं. फिल्म के डायरेक्टर जय मेहता हैं और रणवीर इसमें लीड रोल में नजर आएंगे.
लेकिन फिल्म की शूटिंग पूरी तरह से लगातार नहीं चलेगी. दिवाली तक पहला शेड्यूल पूरा होने के बाद रणवीर पेटर्निटी लीव पर जाएंगे. उनका दूसरा बच्चा जल्द ही दुनिया में आने वाला है. रिपोर्ट्स के अनुसार शूटिंग 2027 में फिर से शुरू होगी. फिल्म के स्क्रीनप्ले को जय मेहता ने विशाल कपूर के साथ लिखा है.
रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण का रिलेशनशिप हमेशा से ही सबको इंस्पायर करता रहा है. दोनों ने 2018 में इटली में शादी की थी. सितंबर 2024 में इस कपल ने अपनी पहली बेटी दुआ का स्वागत किया. दुआ को लेकर दोनों बहुत प्रोटेक्टिव हैं और आमतौर पर अपनी बेटी की तस्वीरें पब्लिक के साथ शेयर नहीं करते.
इस साल अप्रैल में रणवीर और दीपिका ने इंस्टाग्राम पर एक प्यारा ऐलान किया. पोस्ट में छोटी दुआ एक पॉजिटिव प्रेग्नेंसी टेस्ट किट पकड़े नजर आई. इस समय दीपिका प्रेग्नेंसी के थर्ड ट्राइमेस्टर में हैं और पूरा परिवार इस नए मेहमान का इंतजार कर रहा है.
रणवीर सिंह के लिए यह साल काफी खास रहा है. उनकी फिल्म 'धुरंधर' 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई और बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता मिली. इसके बाद मार्च 2026 में सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज भी हिट रही. अब प्रलय को लेकर काफी हाइप है. फिल्म जॉम्बी थ्रिलर जॉनर में है. फिल्म की पूरी कास्ट और अन्य डिटेल्स अभी तक सीक्रेट रखी गई हैं. फैन्स को बस इतना पता है कि रणवीर इसमें एक पावरफुल रोल में दिखेंगे.