मुंबई: रणवीर सिंह की जासूसी थ्रिलर 'धुरंधर 2: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है. फिल्म ने सिर्फ सात दिनों में ही 600 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जो हिंदी सिनेमा के लिए एक अनोखा रिकॉर्ड है. निर्देशक आदित्य धर की इस मल्टीस्टारर फिल्म ने रिलीज के पहले वीकेंड में ही 466 करोड़ रुपये की कमाई कर इतिहास रच दिया था.
अब सातवें दिन यानी बुधवार को भी फिल्म ने शानदार 26 करोड़ रुपये कमा लिए हैं, जिसके साथ कुल कलेक्शन 613 करोड़ रुपये से ऊपर पहुंच गया है. 19 मार्च 2026 को रिलीज हुई यह फिल्म गूड़ी पड़वा, उगादी और ईद के मौके पर आई थी. रणवीर सिंह ने इसमें हमजा अली माजरी और जसकीरत सिंह रंगी के डबल रोल में कमाल का अभिनय किया है.
फिल्म में अर्जुन रामपाल, संजय दत्त, राकेश बेदी और अन्य कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं. कहानी भारतीय जासूस की पाकिस्तान में घुसी हुई खतरनाक मिशन पर आधारित है, जिसमें एक्शन, सस्पेंस और इमोशंस का पूरा पैकेज है. दर्शक फिल्म की स्केल, वीएफएक्स और रणवीर के परफॉर्मेंस की खूब तारीफ कर रहे हैं.
पहले वीकेंड में फिल्म ने कई रिकॉर्ड तोड़े. ओपनिंग वीकेंड में तीन दिन 100 करोड़ से ज्यादा की कमाई करना किसी भी बॉलीवुड फिल्म के लिए नया कीर्तिमान है. अब सातवें दिन तक पहुंचते-पहुंचते 'धुरंधर 2' ने 'बाहुबली 2', 'पठान', 'गदर 2' और 'एनिमल' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों का लाइफटाइम कलेक्शन पार कर लिया है. जल्द ही यह 'स्त्री 2', 'छावा' और 'जवान' को भी पीछे छोड़ने वाली है.
फिल्म की सफलता का सबसे बड़ा कारण दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स है. वर्ड ऑफ माउथ इतना मजबूत है कि वीकडे में भी थिएटर हाउसफुल चल रहे हैं. आईमैक्स और २डी फॉर्मेट में ऑक्यूपेंसी रेट रिकॉर्ड स्तर पर है. ओवरसीज में भी फिल्म ने कमाल किया है.
पहले वीकेंड में ही विदेशी बाजार से 199 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हुई, जिससे वर्ल्डवाइड कलेक्शन 675 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया. अब सात दिनों में वर्ल्डवाइड आंकड़ा 1000 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुका है. पहली फिल्म 'धुरंधर' ने भी दिसंबर 2025 में धमाल मचाया था, लेकिन सीक्वल उससे भी आगे निकल गया है.