मुंबई: रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 3' ने बॉक्स ऑफिस पर दूसरे दिन थोड़ी राहत की सांस ली है. फिल्म ने पहले शनिवार को 6 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है. इसके साथ ही दो दिनों में फिल्म की कुल कमाई की बात करें तो ये 10 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है. पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन आई यह ग्रोथ फिल्म के लिए अच्छे संकेत माने जा रहे है. हालांकि रफ्तार अब भी उस स्तर पर नहीं है जिसकी उम्मीद एक बड़ी फ्रेंचाइजी से की जाती है.
रानी मुखर्जी की यह फिल्म 30 जनवरी को थिएटर में रिलीज हुई थी. खास बात यह रही कि यही दिन एक्ट्रेस के फिल्मी करियर के 30 साल पूरे होने का भी था. इसके बावजूद ओपनिंग डे पर फिल्म सिर्फ 4 करोड़ रुपये ही कमा सकी. यह शुरुआत उम्मीद से कमजोर मानी गई. ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक फिल्म को लेकर दर्शकों के रिएक्शन बंट चुके हैं, जिसका असर पहले दिन के कलेक्शन पर साफ नजर आया.
मर्दानी 3 को रिलीज के बाद से लोगों से मिले जुले रिएक्शन मिले हैं. कई समीक्षकों ने फिल्म के पहले हाफ की तारीफ की, जहां कहानी की पकड़ और रानी मुखर्जी का दमदार अभिनय सराहा गया. वहीं दूसरे हाफ को कुछ लोगों ने कमजोर बताया. माना जा रहा है कि यही वजह है कि फिल्म को शुरुआती दिनों में ज्यादा मजबूत ओपनिंग नहीं मिल पाई.
शनिवार को कलेक्शन बढ़ने की एक बड़ी वजह वीकेंड फैक्टर रहा. इसके अलावा मर्दानी फ्रेंचाइजी की अपनी एक अलग ऑडियंस है, जो थिएटर तक पहुंची. सोशल मीडिया और वर्ड ऑफ माउथ का भी हल्का सकारात्मक असर देखने को मिला. यही कारण रहा कि दूसरे दिन फिल्म ने पहले दिन से बेहतर कमाई दर्ज की.
मर्दानी 3 को बॉक्स ऑफिस पर एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है. बॉर्डर 2 पहले से ही सिनेमाघरों में मजबूत पकड़ बनाए हुए है. सनी देओल की इस फिल्म ने अपने दूसरे शनिवार को शानदार कमाई की, जिससे मर्दानी 3 के शोज और दर्शकों पर असर पड़ा है. सिंगल स्क्रीन और मल्टीप्लेक्स दोनों जगह यह टक्कर साफ दिख रही है.
फिल्म में रानी मुखर्जी एक बार फिर डीसीपी शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में नजर आ रही हैं. रानी मुखर्जी का यह किरदार पहले भी दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय रहा है. मर्दानी सीरीज में उनका सख्त और संवेदनशील पुलिस अधिकारी का रूप फिल्म की सबसे बड़ी ताकत माना जाता है.