menu-icon
India Daily

शाहरुख की 'किंग' में बड़ा सरप्राइज, 19 साल बाद साथ दिख सकती है रानी-अभिषेक की जोड़ी

शाहरुख खान की मोस्टअवेटेड फिल्म 'किंग' अपनी बड़ी स्टार कास्ट को लेकर लगातार चर्चा में है. अब रिपोर्ट के मुताबिक रानी मुखर्जी और अभिषेक बच्चन फिल्म में 19 साल बाद साथ स्क्रीन शेयर कर सकते हैं.

babli
Edited By: Babli Rautela
शाहरुख की 'किंग' में बड़ा सरप्राइज, 19 साल बाद साथ दिख सकती है रानी-अभिषेक की जोड़ी
Courtesy: Social Media

मुंबई: शाहरुख खान की अपकमिंग फिल्म 'किंग' रिलीज से पहले ही लगातार सुर्खियों में बनी हुई है. सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में बॉलीवुड के कई बड़े सितारे एक साथ नजर आने वाले हैं. शाहरुख खान के अलावा फिल्म में दीपिका पादुकोण, सुहाना खान, रानी मुखर्जी, अभिषेक बच्चन, अनिल कपूर और जैकी श्रॉफ जैसे कलाकारों के नाम सामने आ चुके हैं. अब फिल्म को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने रानी मुखर्जी और अभिषेक बच्चन के फैंस की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है.

19 साल बाद साथ नजर आ सकते हैं रानी-अभिषेक

'मिड-डे' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रानी मुखर्जी और अभिषेक बच्चन 'किंग' में करीब 19 साल बाद एक साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई दे सकते हैं. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि फिल्म में दोनों की जोड़ी देखने को मिल सकती है. अगर यह खबर सही साबित होती है, तो दोनों कलाकारों की ऑन-स्क्रीन जोड़ी लंबे अंतराल के बाद वापसी करेगी. रानी और अभिषेक इससे पहले कई फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं और उनकी जोड़ी को दर्शकों ने पसंद भी किया है.

हालांकि, 'किंग' में दोनों के किरदार और उनके रिश्ते को लेकर मेकर्स की तरफ से अभी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. ऐसे में रानी और अभिषेक की जोड़ी बनने की खबर को फिलहाल रिपोर्ट के तौर पर ही देखा जा रहा है.

एक साथ दिखेंगे रानी मुखर्जी और शाहरुख खान

'किंग' में रानी मुखर्जी की मौजूदगी की खबर इसलिए भी खास है क्योंकि वह शाहरुख खान के साथ भी लंबे समय बाद स्क्रीन शेयर करती नजर आ सकती हैं. रानी और शाहरुख को आखिरी बार 2006 में रिलीज हुई करण जौहर की फिल्म 'कभी अलविदा ना कहना' में साथ देखा गया था. ऐसे में 'किंग' दोनों सितारों के फैंस के लिए एक खास रीयूनियन साबित हो सकती है. पहले ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई थीं कि रानी फिल्म में सुहाना खान की मां का किरदार निभा सकती हैं. बताया गया था कि उनका रोल फिल्म में एक लंबे कैमियो का हिस्सा हो सकता है. अब अभिषेक बच्चन के साथ उनकी जोड़ी को लेकर सामने आई खबर ने फिल्म को लेकर चर्चाओं को और बढ़ा दिया है.

'किंग' की रिलीज डेट 24 दिसंबर 2026 बताई गई है. फिल्म क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसे साल की मोस्टअवेटेड फिल्मों में गिना जा रहा है.