menu-icon
India Daily

आदिपुरुष से नहीं सीखा सबक! रामायण से रणबीर कपूर का लीक राम लुक वायरल, क्यों इंटरनेट पर उठे सवाल

नितेश तिवारी की रामायण से रणबीर कपूर का भगवान राम लुक लीक होने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है. 400 मिलियन डॉलर के बजट के बावजूद विग को लेकर यूजर्स ने सवाल उठाए और फिल्म की तुलना आदिपुरुष से की.

babli
Edited By: Babli Rautela
आदिपुरुष से नहीं सीखा सबक! रामायण से रणबीर कपूर का लीक राम लुक वायरल, क्यों इंटरनेट पर उठे सवाल
Courtesy: X

मुंबई: इस साल की मोस्टअवेटेड फिल्मों में से एक रामायण रिलीज से पहले ही चर्चा में है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर उनके लीक लुक की कुछ तस्वीरें वायरल हो गईं. तस्वीरों में रणबीर केसरिया धोती, जनेऊ और एक विग में नजर आ रहे हैं. यही विग इंटरनेट यूजर्स को खास पसंद नहीं आई.

रेडिट और दूसरे प्लेटफॉर्म पर यूजर्स ने फिल्म के कथित 400 मिलियन डॉलर बजट का जिक्र करते हुए विग की आलोचना की. एक यूजर ने लिखा कि इतने बड़े बजट के बावजूद एक अच्छा विग भी नहीं मिल पाया. कई लोगों ने बॉलीवुड में नकली बाल और दाढ़ी के इस्तेमाल पर भी तंज कसा. कुछ ने इसे पहले की फिल्मों से सबक न लेने की बात कही.

आदिपुरुष से तुलना होने पर हुए ट्रोल

सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने फिल्म की तुलना Adipurush से की. यह फिल्म 2023 में रिलीज हुई थी और इसमें Prabhas, Saif Ali Khan और Kriti Sanon मुख्य भूमिकाओं में थे. आदिपुरुष को उसके वीएफएक्स और प्रस्तुति को लेकर काफी आलोचना झेलनी पड़ी थी. ऐसे में यूजर्स का कहना है कि नई रामायण को इन गलतियों से बचना चाहिए.

रामायण में रणबीर कपूर के अलावा यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. Sai Pallavi देवी सीता का किरदार निभा रही हैं. वहीं सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में होंगे. फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं और प्रोडक्शन प्राइम फोकस स्टूडियो के बैनर तले हो रहा है. संगीत के लिए ऑस्कर विजेता हंस ज़िम्मर और ए. आर. रहमान जैसे बड़े नाम जुड़े हैं. स्टंट डायरेक्शन के लिए गाय नॉरिस और टेरी नोटरी भी टीम का हिस्सा हैं.

दिवाली 2026 में रिलीज होगी फिल्म

फिल्म का पहला भाग दिवाली से पहले अक्टूबर 2026 में रिलीज होगा. मेकर्स का दावा है कि यह भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे भव्य फिल्मों में से एक होगी. हालांकि लीक तस्वीरों ने रिलीज से पहले ही बहस छेड़ दी है. अब देखना होगा कि आधिकारिक टीजर और ट्रेलर सामने आने के बाद दर्शकों की राय बदलती है या नहीं.