menu-icon
India Daily

'जनसेवा के लिए स्टारडम को त्याग दिया', एक्टर राम चरण ने बांधे सीएम विजय की तारीफों के पुल

साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण ने फिल्म 'पेद्दी' के एक बड़े प्री-रिलीज़ कार्यक्रम के दौरान तमिलनाडु के सीएम विजय की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि विजय गारू ने जनता की भलाई और सेवा के लिए अपने स्टारडम को भी आसानी से त्याग दिया.

KanhaiyaaZee
'जनसेवा के लिए स्टारडम को त्याग दिया', एक्टर राम चरण ने बांधे सीएम विजय की तारीफों के पुल
Courtesy: Social Media

नई दिल्ली: साउथ सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण ने अपनी आगामी फिल्म 'पेद्दी' के एक बड़े प्री-रिलीज़ कार्यक्रम के दौरान मंच से मुख्यमंत्री विजय की जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि विजय गारू ने जनता की भलाई और सेवा के लिए अपने स्टारडम को भी आसानी से त्याग दिया. एक फिल्म कलाकार होने के नाते उन्हें विजय की इस अभूतपूर्व सफलता पर बेहद गर्व है. उन्होंने तमिलनाडु के नागरिकों और नए मुख्यमंत्री को बधाई दी.

बता दें कि तमिलनाडु में हुए विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के साथ ही जोसेफ विजय एन.टी. रामाराव, एम.जी. रामचंद्रन और जे. जयललिता जैसे महान फिल्मी सितारों की विशिष्ट श्रेणी में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने राजनीति में शीर्ष स्थान हासिल किया. विजय की पार्टी 'तमिलगा वेट्री कझगम' (TVK) ने राज्य में दशकों से राज कर रही दो सबसे बड़ी क्षेत्रीय ताकतों 'द्रमुक' (DMK) और 'अन्नाद्रमुक' (AIADMK) के पारंपरिक किले को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया है.

पहले ही चुनाव में विजय ने रचा बहुमत का कीर्तिमान

विधानसभा चुनाव के नतीजों में टीवीके ने अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए अकेले 108 सीटों पर जीत का परचम लहराया है. इसके साथ ही 234 सदस्यों वाली राज्य विधानसभा में पार्टी कुल 120 विधायकों का मजबूत समर्थन जुटाने में सफल रही, जो सरकार बनाने के लिए आवश्यक 118 के जादुई आंकड़े से अधिक है. राजनीति पर पूरा ध्यान केंद्रित करने के लिए विजय ने पिछले साल दिसंबर में ही अभिनय की दुनिया को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया था.

आखिरी फिल्म 'जना नायकन' पर विवाद

मुख्यमंत्री विजय के अभिनय करियर की अंतिम फिल्म 'जना नायकन' इन दिनों विवादों और देरी का सामना कर रही है. इस साल 9 जनवरी को रिलीज होने वाली इस फिल्म को सेंसर बोर्ड से समय पर प्रमाण पत्र नहीं मिल सका. इसके बाद अप्रैल में यह फिल्म इंटरनेट पर अवैध रूप से लीक हो गई. इसके जवाब में निर्माताओं ने सख्त कानूनी रुख अपनाते हुए अब तक छह आरोपियों को साइबर सेल की मदद से गिरफ्तार करवाया है.

नई तारीख और 'पेद्दी' की स्टारकास्ट

फिल्मी गलियारों में चर्चा है कि 'जना नायकन' अब आगामी 19 जून को सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है. इस बीच, फिल्म 'पेद्दी' की चर्चा भी जोरों पर है, जिसका निर्देशन बुची बाबू सना ने किया है. ए.आर. रहमान के संगीत से सजी इस फिल्म में राम चरण के साथ जान्हवी कपूर और शिवा राजकुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं. यह बड़ी फिल्म 4 जून को बड़े पर्दे पर रिलीज होने के लिए तैयार है.