मुंबई: तमिल फिल्म इंडस्ट्री में एक बार फिर पायरसी का खतरा मंडरा रहा है. थलपति विजय की फिल्म जन नायगन के लीक होने के कुछ दिनों बाद अब सुपरस्टार रजनीकांत की अपकमिंग फिल्म जेलर 2 का एक फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इस घटना ने पूरे फिल्म जगत को झकझोर दिया है.
जेलर 2 के मेकर्स सन पिक्चर्स ने तुरंत बयान जारी कर फैंस, मीडिया और यूजर्स से अपील की है कि वे वायरल क्लिप को शेयर, डाउनलोड या दोबारा पोस्ट न करें. कंपनी ने साफ चेतावनी दी है कि उनका एंटी-पायरसी टीम पूरे मामले पर नजर रख रही है और जो भी क्लिप शेयर करेगा, उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
रजनीकांत की यह फिल्म जेलर के सीक्वल के रूप में काफी चर्चित है. पहली फिल्म ने दर्शकों का दिल जीता था और दूसरे भाग से भी जबरदस्त उम्मीदें जुड़ी हुई हैं. शूटिंग के दौरान का यह फुटेज लीक होने से फिल्म की गोपनीयता भंग हुई है. मेकर्स ने कहा है- 'हम सभी से अनुरोध करते हैं कि वायरल क्लिप का इस्तेमाल न करें और इसे आगे न फैलाएं.'
इससे पहले थलपति विजय की फिल्म जन नायगन का 5 मिनट का फुटेज और बाद में पूरी फिल्म ऑनलाइन लीक हो गई थी. इस घटना से उद्योग में काफी आक्रोश फैला था. कई बड़े सितारों ने लीक की निंदा की और पायरसी के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की. रजनीकांत ने भी जन नायगन लीक को 'शॉकिंग और दर्दनाक' बताया था.
अब जेलर 2 के फुटेज के लीक होने से तमिल सिनेमा में पायरसी की समस्या एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है. फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि ऐसे लीक फिल्मों की कमाई और दर्शकों के थिएटर अनुभव दोनों को नुकसान पहुंचाते हैं. प्रोडक्शन हाउस अब अपनी सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं. फैंस की उत्सुकता समझी जा सकती है, लेकिन मेकर्स का कहना है कि फिल्म का पूरा मजा थिएटर में ही आएगा. अभी जेलर 2 की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन फैंस इसे लेकर बेहद उत्साहित हैं.
पायरसी न सिर्फ प्रोड्यूसर्स को आर्थिक नुकसान पहुंचाती है, बल्कि पूरी टीम के मेहनत पर भी पानी फेर देती है. ऐसे में मेकर्स की अपील को सभी को मानना चाहिए.