'कितनी शर्म की बात है', बिना इजाजत किसने इस्तेमाल की आर माधवन की क्लिप? गुस्साए एक्टर ने भेज दिया नोटिस
बॉलीवुड एक्टर आर माधवन ने एक हेल्थकेयर ब्रांड पर बिना अनुमति उनके नाम और इंटरव्यू क्लिप का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है. एक्टर ने इसे फर्जी एंडोर्समेंट बताते हुए ब्रांड को लीगल नोटिस भेजा है.
मुंबई: बॉलीवुड एक्टर आर माधवन ने एक हेल्थकेयर ब्रांड पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसे लीगल नोटिस भेजा है. एक्टर का कहना है कि कंपनी ने बिना उनकी अनुमति के उनके इंटरव्यू की क्लिप का इस्तेमाल अपने ऐड में किया है और ऐसा दिखाने की कोशिश की जैसे वह उस प्रोडक्ट का समर्थन कर रहे हों. इस मामले को लेकर आर माधवन ने सोशल मीडिया पर खुलकर नाराजगी जाहिर की और लोगों को ऐसे ब्रांड्स से सावधान रहने की चेतावनी दी.
इंस्टाग्राम पर माधवन ने जाहिर किया गुस्सा
बुधवार को आर माधवन ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की जिसमें उन्होंने इस पूरे मामले पर अपना रिएक्शन साझा किया है. उन्होंने लिखा कि यह बेहद शर्मनाक है कि लोग और संस्थाएं इस तरह की हरकत कर रहे हैं. एक्टर ने कहा कि किसी के इंटरव्यू की क्लिप लेकर उसे अपनी कंपनी के एंडोर्समेंट की तरह दिखाना गलत है. माधवन ने बताया कि उन्होंने इस मामले में संबंधित ब्रांड को लीगल नोटिस भेज दिया है.
फर्जी एंडोर्समेंट से लोगों को किया सावधान
आर माधवन ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि जिस तरह से रील बनाई गई है उससे ऐसा लगता है जैसे वह खुद उस हेल्थकेयर प्रोडक्ट का प्रचार कर रहे हों. उन्होंने साफ कहा कि उन्होंने कभी उस प्रोडक्ट का समर्थन नहीं किया और बिना अनुमति उनके वीडियो का इस्तेमाल किया गया. एक्टर ने सवाल उठाया कि अगर कोई संस्था इस तरह लोगों को गुमराह कर सकती है तो जनता ऐसे ब्रांड और उनके इलाज पर भरोसा कैसे करेगी.
जिस वायरल रील को लेकर विवाद हुआ उसमें आर माधवन के एक इंटरव्यू का हिस्सा इस्तेमाल किया गया था. उस क्लिप में वह 21 दिनों में वजन कम करने के अपने अनुभव के बारे में बात करते दिखाई दे रहे थे. इसके बाद वीडियो में एक व्यक्ति नजर आता है जो खुद को डॉक्टर बताता है और माधवन के ट्रांसफॉर्मेशन को अपने प्रोडक्ट या इलाज से जोड़ने की कोशिश करता है. यही बात एक्टर को नागवार गुजरी और उन्होंने इसे फर्जी प्रचार करार दिया.
और पढ़ें
- करण कुंद्रा ने तेजस्वी प्रकाश को किया प्रपोज, पहनाई डायमंड रिंग, इमोशनल हुईं एक्ट्रेस; Video
- ससुराल में पड़ी मार, किसी ने सहा पति की हिंसा का दर्द, Twisha Sharma की तरह ये एक्ट्रेसेस भी झेल चुकी हैं प्रताड़ना
- तृषा कृष्णन की 'करुप्पु' की कमाई में CM विजय का हाथ! एक्ट्रेस की पोस्ट पर क्यों उठ रहे सवाल