menu-icon
India Daily

'कई लोग सेट पर आते हैं, कुछ नहीं करते और पैसे कमाते हैं', बॉलीवुड की इस आदत से परेशान हुए प्रियदर्शन?

दिग्गज फिल्म डायरेक्टर प्रियदर्शन ने हाल ही में बॉलीवुड के एंटोरेज कल्चर को लेकर खुलकर अपनी राय रखी. उन्होंने कहा कि सेट पर कई लोग बिना काम के मौजूद रहते हैं और यह उन्हें थका देता है.

babli
Edited By: Babli Rautela
'कई लोग सेट पर आते हैं, कुछ नहीं करते और पैसे कमाते हैं', बॉलीवुड की इस आदत से परेशान हुए प्रियदर्शन?
Courtesy: Social Media

मुंबई: दिग्गज फिल्म डायरेक्टर प्रियदर्शन ने हाल ही में बॉलीवुड को लेकर एक ऐसा बयान दिया है जिसने इंडस्ट्री में नई बहस छेड़ दी है. करीब चार दशकों के लंबे करियर में 100 से ज्यादा फिल्मों का निर्देशन कर चुके प्रियदर्शन ने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की एक आदत पर खुलकर नाराजगी जताई है. प्रियदर्शन ने कहा कि बॉलीवुड में एक्टर्स के साथ आने वाले भीड़ उन्हें बहुत ज्यादा परेशान करती है. सेट पर कई ऐसे लोग मौजूद रहते हैं जो कोई काम नहीं करते लेकिन फिर भी वहां मौजूद रहते हैं. इस वजह से काम करना मुश्किल हो जाता है और माहौल भी थकाने वाला हो जाता है.

प्रियदर्शन ने इंटरव्यू में खुलकर रखी अपनी राय

हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान जब प्रियदर्शन से पूछा गया कि उन्हें बॉलीवुड में क्या पसंद नहीं है तो उन्होंने बिना झिझक एंटोरेज कल्चर का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब वह किसी फिल्म के सेट पर काम करते हैं तो कई बार ऐसा लगता है जैसे वहां जरूरत से ज्यादा लोग मौजूद हों. प्रियदर्शन के अनुसार अगर सेट पर तीन एक्टर्स के साथ शूटिंग हो रही होती है तो वहां लगभग तीस लोग ऐसे भी होते हैं जो सिर्फ खड़े रहते हैं. इन लोगों का शूटिंग से सीधा कोई संबंध नहीं होता लेकिन फिर भी वे सेट पर मौजूद रहते हैं. उन्होंने यह भी कहा कि कई बार ये लोग कैमरे के सामने या आसपास खड़े हो जाते हैं जिससे डायरेक्टर को अपने विजुअल्स ठीक से देखने में भी परेशानी होती है.

प्रियदर्शन को क्यों थकाने वाला लगता है यह चलन

प्रियदर्शन का कहना है कि बॉलीवुड में यह चलन उन्हें काफी थका देता है. उनके अनुसार इतने सारे लोगों का बिना काम के सेट पर मौजूद रहना फिल्म निर्माण की प्रक्रिया को कठिन बना देता है. उन्होंने कहा कि इतने सारे लोग सेट पर आते हैं और कोई काम नहीं करते फिर भी पैसे लेते हैं. यही एक चीज है जो उन्हें बॉलीवुड के बारे में पसंद नहीं आती. प्रियदर्शन ने यह भी बताया कि उन्होंने दुनिया की कई फिल्म इंडस्ट्री में काम किया है लेकिन इस तरह का माहौल उन्हें कहीं और देखने को नहीं मिला.

बॉलीवुड में एंटोरेज को लेकर चर्चा पहले भी कई बार हो चुकी है. कई फिल्म निर्माताओं का मानना है कि एक्टर्स के साथ आने वाले बड़े एंटोरेज का खर्च फिल्म के बजट पर अतिरिक्त दबाव डालता है. कई बार प्रोड्यूसर्स को इन लोगों के रहने खाने और यात्रा का खर्च भी उठाना पड़ता है. इससे फिल्म का बजट बढ़ जाता है और प्रोडक्शन पर असर पड़ता है.