मुंबई: इम्तियाज अली की नई फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' का टीजर रिलीज हो गया है, जो दर्शकों को दिल छू लेने वाली कहानी का वादा करता है. इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी और नसीरुद्दीन शाह मुख्य भूमिकाओं में हैं. इम्तियाज अली ने इंस्टाग्राम पर टीजर शेयर करते हुए लिखा, 'With love… Main Vaapas Aaunga, in cinemas on 12th June, 2026'
टीजर से पता चलता है कि यह एक रोमांटिक कहानी है, जो भारत-पाकिस्तान विभाजन (पार्टिशन) के बैकग्राउंड पर सेट है. कहानी में नसीरुद्दीन शाह के युवा वर्जन के रूप में वेदांग रैना नजर आएंगे, जो शरवरी से प्यार करते हैं. विभाजन के दौरान वो भारत आ जाते हैं और अपनी प्रेमिका से वादा करते हैं कि वो वापस आएंगे. आगे क्या होता है, ये जानने के लिए फिल्म देखनी होगी.
टीजर में इमोशंस, प्यार और अलगाव की गहराई साफ झलक रही है, जो इम्तियाज अली की स्टाइल से मैच करती है. फिल्म में दिलजीत दोसांझ की एंट्री भी खास है. उनकी पिछली फिल्म अमर सिंह चमकीला भी इम्तियाज अली के साथ नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी, जो काफी सराही गई. अब दोनों फिर से थिएट्रिकल रिलीज के लिए तैयार हैं. संगीत एआर रहमान ने दिया है और लिरिक्स इरशाद कामिल के हैं.
इम्तियाज और रहमान की जोड़ी पहले रॉकस्टार, हाईवे, तमाशा और अमर सिंह चमकीला जैसी फिल्मों में हिट साबित हो चुकी है. ऐसे में इस फिल्म के गाने भी चार्टबस्टर बनने की पूरी उम्मीद है. फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. लेकिन इसे अकेले रिलीज नहीं मिल रही, क्योंकि इसी दिन वरुण धवन की फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' भी रिलीज हो रही है. बॉक्स ऑफिस पर यह क्लैश रोमांचक होगा.
इम्तियाज अली की फिल्में हमेशा प्यार, जज्बात और लाइफ के गहरे पहलुओं को छूती हैं. 'मैं वापस आऊंगा' पार्टिशन जैसे संवेदनशील विषय पर प्यार की कहानी बताएगी, जो दर्शकों को इमोशनली जोड़ेगी. दिलजीत दोसांझ की एक्टिंग, वेदांग और शरवरी की फ्रेशनेस, नसीरुद्दीन शाह का अनुभव और रहमान का जादुई संगीत- यह कॉम्बिनेशन 2026 की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक बन सकती है. फैंस टीजर देखकर काफी एक्साइटेड हैं. पार्टिशन बैकड्रॉप पर रोमांस की यह कहानी दिलों को छूने वाली लग रही है.